BIHAR NEWS(Aware media): बिहार की राजनीति में NDA के अंदर सबकुछ ठीक चल रहा है या नहीं इसको लेकर नई चर्चा शुरू हो गई है। निर्दलीय MLC के बीजेपी में शामिल होने के बाद जनता दल यूनाइटेड के कुछ नेता नाराज बताए जा रहे हैं। मामला इतना बढ़ा कि अपनी बात रखने के लिए बुलाई गई प्रेस कॉन्फ्रेंस भी आखिरी समय पर रद्द करनी पड़ गई। इस पूरे घटनाक्रम ने बिहार के सियासी गलियारों में हलचल बढ़ा दी है।
मिली जानकारी के मुताबिक सारण सीट से जेडीयू के प्रत्याशी रहे आनंद पुष्कर और तिरहुत सीट से जुड़े अभिषेक झा इस मामले को लेकर अपनी बात रखने वाले थे। दोनों नेताओं की तरफ से प्रेस कॉन्फ्रेंस की तैयारी की गई थी। माना जा रहा था कि इसमें निर्दलीय MLC के बीजेपी में शामिल होने को लेकर नाराजगी सामने रखी जाएगी।
लेकिन प्रेस कॉन्फ्रेंस शुरू होने से ठीक पहले एक फोन आया और फिर इसे रद्द कर दिया गया। अचानक हुए इस फैसले ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। आखिर ऐसा क्या हुआ कि जो नेता अपनी बात सार्वजनिक रूप से रखने वाले थे उन्हें ऐन मौके पर पीछे हटना पड़ा।
इस पूरे मामले में सम्राट चौधरी का नाम भी चर्चा में आ रहा है। हालांकि फोन किसका आया था और प्रेस कॉन्फ्रेंस रद्द करने के पीछे क्या वजह रही इसकी पूरी जानकारी सामने आना अभी बाकी है। ऐसे में किसी नतीजे पर पहुंचना जल्दबाजी होगी।
बिहार में NDA के अंदर बीजेपी और जेडीयू दोनों ही अहम सहयोगी दल हैं। ऐसे में किसी निर्दलीय MLC के बीजेपी में जाने को लेकर जेडीयू नेताओं की नाराजगी गठबंधन के रिश्तों पर चर्चा का विषय बन गई है।
अब देखना होगा कि इस मामले पर बीजेपी और जेडीयू के बड़े नेता क्या रुख अपनाते हैं। क्या दोनों दलों के बीच बातचीत से मामला शांत हो जाएगा या आने वाले दिनों में गठबंधन के अंदर की खींचतान और खुलकर सामने आएगी।
Discover more from Aware Media News - Hindi News, Breaking News & Latest Updates
Subscribe to get the latest posts sent to your email.


