बिहार के नए मंत्रिमंडल पर परिवारवाद का साया: आरजेडी ने उठाए सवाल
पटना: बिहार की नई नीतीश सरकार ने शपथ ग्रहण के साथ ही विपक्षी दल, राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) के निशाने पर आ गई है। आरजेडी ने गुरुवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के मंत्रिमंडल में शामिल 10 ऐसे मंत्रियों के नामों का खुलासा किया है, जो कथित तौर पर विभिन्न राजनीतिक परिवारों से जुड़े हुए हैं। पार्टी ने इस सूची को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर साझा करते हुए तंज कसा कि ये सभी प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के आशीर्वाद से “बिहार की राजनीति से परिवारवाद खत्म कर नया बिहार बनाएंगे।”
आरजेडी द्वारा सार्वजनिक की गई सूची में सम्राट चौधरी, संतोष कुमार सुमन, दीपक प्रकाश, श्रेयसी सिंह, रमा निषाद, विजय कुमार चौधरी, अशोक चौधरी, लेशी सिंह, सुनील कुमार और नितिन नवीन जैसे नाम शामिल हैं। पार्टी का कहना है कि यह सूची इस बात का प्रमाण है कि सत्ता पक्ष, परिवारवाद के खिलाफ अपने दावों के विपरीत, राजनीतिक परिवारों से जुड़े नेताओं को ही तरजीह दे रहा है।
इससे पहले, आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट के जरिए नीतीश कुमार को मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने पर बधाई दी थी। उन्होंने आशा व्यक्त की थी कि नई सरकार जनता की अपेक्षाओं पर खरी उतरेगी और बिहारवासियों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाएगी।
हालांकि, शपथग्रहण समारोह के बाद नीतीश सरकार का मंत्रिमंडल परिवारवाद के आरोपों से घिरा नजर आ रहा है। इससे पहले, नीतीश कुमार ने लगातार 10वीं बार बिहार के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेकर एक नया कीर्तिमान स्थापित किया। पटना के गांधी मैदान में आयोजित समारोह में उन्होंने पद और गोपनीयता की शपथ ली, जिसके बाद राज्य की नई कैबिनेट के 26 मंत्रियों ने भी शपथ ग्रहण की।
Discover more from Aware Media News - Hindi News, Breaking News & Latest Updates
Subscribe to get the latest posts sent to your email.


