Uttarakhand News: उत्तराखंड भाजपा मुख्यालय में इस बार दिवाली का पर्व बेहद हर्षोल्लास, भव्यता और गरिमामय माहौल के साथ मनाया गया। इस पावन अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट और प्रदेश महामंत्री संगठन फणिंद्रनाथ समेत पार्टी के कई वरिष्ठ पदाधिकारी और भारी संख्या में कार्यकर्ता उत्साह के साथ मौजूद रहे।
कार्यालय में दीपोत्सव का शुभारंभ वैदिक मंत्रोच्चार के साथ मां लक्ष्मी और भगवान गणेश के पूजन-अर्चन से हुआ। प्रदेश अध्यक्ष और प्रदेश महामंत्री की उपस्थिति में सभी कार्यकर्ताओं ने राज्य की सुख, समृद्धि और शांति की कामना करते हुए पूरी भक्तिभाव से लक्ष्मी पूजन किया। कार्यक्रम में पहुँचे मुख्यमंत्री धामी ने कार्यकर्ताओं के संग दीप प्रज्वलित किए और आतिशबाजी का आनंद लेते हुए अपनीि भागीदारी दर्ज कराई। इस खास मौके पर एक भव्य भजन संध्या का भी आयोजन किया गया, जहाँ कलाकारों के सुमधुर भजनों पर उपस्थित कार्यकर्ता पूरी तरह भावविभोर हो उठे। चारों तरफ उल्लास और उमंग का ऐसा माहौल था कि कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को गले मिलकर और मिठाइयाँ खिलाकर दीपावली की बधाइयाँ दीं।
इस दौरान मीडिया से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री ने समस्त प्रदेशवासियों और देवतुल्य कार्यकर्ताओं को दीपावली की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने कहा कि यह प्रकाश पर्व सभी के जीवन में सुख, समृद्धि, निरोगी काया और खुशियों के अनगिनत रंग लेकर आए। राज्य सरकार प्रदेश के अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति तक विकास का प्रकाश पहुँचाने के लिए पूरी निष्ठा के साथ संकल्पबद्ध है।
वहीं, प्रदेश अध्यक्ष भट्ट ने अपने संबोधन में कहा कि दीपावली का यह पावन पर्व हमारे भीतर एक नई ऊर्जा और सेवा भाव का संचार करता है। उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना की कि यह त्योहार हर घर में खुशहाली, रिद्धि-सिद्धि और सफलता के दीप जलाए। उन्होंने आगे कहा, “हम सब मिलकर यह संकल्प लें कि और अधिक परिश्रम व समर्पण के साथ काम करेंगे, ताकि आने वाली दिवाली हम सबके जीवन में और अधिक खुशहाली ला सके और हमारे राज्य को विकास की नई रोशनी से रोशन कर सके।”
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री खजान दास, विधायक सविता कपूर, प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार, दीप्ति रावत, तरुण बंसल, प्रदेश उपाध्यक्ष अनिल गोयल, प्रदेश कोषाध्यक्ष पुनीत मित्तल, प्रदेश कार्यालय सचिव जगमोहन रावत, प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर चौहान सहित पार्टी के तमाम वरिष्ठ नेता, जनप्रतिनिधि और सैकड़ों की संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
Discover more from Aware Media News - Hindi News, Breaking News & Latest Updates
Subscribe to get the latest posts sent to your email.


