UTTAR PARDESH NEWS(Aware media): उत्तर प्रदेश की राजनीति में एक बार फिर बीजेपी के अंदर चल रही खींचतान को लेकर चर्चा तेज हो गई है। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव का बीजेपी पर हमला अब पंकज चौधरी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के बीच कथित मतभेदों को लेकर सामने आया है। अखिलेश ने दावा किया है कि बीजेपी में सिर्फ दिल्ली और लखनऊ के बीच ही खींचतान नहीं चल रही है बल्कि गोरखपुर में भी अंदरूनी लड़ाई जारी है।
अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट के जरिए बीजेपी के नेताओं पर निशाना साधा। उन्होंने सीधे तौर पर किसी का नाम लिए बिना सीएम योगी आदित्यनाथ और बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी के बीच तनाव होने की बात कही। उनके इस बयान के बाद यूपी की सियासत में नई चर्चा शुरू हो गई है।
सपा प्रमुख ने अपने पोस्ट में इशारों ही इशारों में यह भी दावा किया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पंकज चौधरी का टिकट पक्का नहीं होने दे रहे हैं। अखिलेश के इस बयान को आने वाले चुनाव और बीजेपी के भीतर चल रही राजनीतिक हलचल से जोड़कर देखा जा रहा है।
अखिलेश यादव ने अपनी बात को आगे बढ़ाते हुए बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी को भी निशाने पर लिया। उन्होंने चुनौती भरे अंदाज में कहा कि अगर उनके टिकट को लेकर कोई परेशानी नहीं है तो पंकज चौधरी को सबसे पहले अपना टिकट घोषित कर देना चाहिए।
दरअसल यूपी में अगले विधानसभा चुनाव को लेकर सभी राजनीतिक दल अपनी अपनी तैयारी में जुटे हैं। ऐसे में बीजेपी के बड़े नेताओं के बीच तालमेल और आपसी रिश्तों को लेकर विपक्ष लगातार सवाल उठा रहा है। अखिलेश यादव भी इसी मुद्दे को लेकर बीजेपी पर हमला बोल रहे हैं।
हालांकि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी के बीच टिकट को लेकर किसी तरह के विवाद की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। अखिलेश यादव के इस बयान को फिलहाल राजनीतिक तंज और उनके दावे के तौर पर ही देखा जा रहा है। लेकिन उनके इस पोस्ट ने यूपी की राजनीति में नई बहस जरूर छेड़ दी है।
Discover more from Aware Media News - Hindi News, Breaking News & Latest Updates
Subscribe to get the latest posts sent to your email.


