परमाणु विस्फोट की दहलीज पर ईरान? इजरायल और अमेरिका की सख़्त चेतावनी से बढ़ा युद्ध का खतरा
IAEA की ताज़ा रिपोर्ट ने दुनिया की धड़कनें बढ़ा दी हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, ईरान ने हाल के वर्षों में 60 फीसदी शुद्धता तक यूरेनियम संवर्धन (Enrichment) की रफ्तार को तेज़ कर दिया है, जो परमाणु हथियार बनाने की दिशा में एक बड़ा और खतरनाक कदम है।
इस परमाणु होड़ के बीच, अमेरिका के पूर्व राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार एच.आर. मैकमास्टर का बयान क्षेत्र में बढ़ते सैन्य टकराव की तस्दीक करता है। उन्होंने स्पष्ट संकेत दिए हैं कि ईरान के खिलाफ बड़े पैमाने पर सैन्य अभियान दोबारा शुरू होने की पूरी आशंका है।
ट्रंप के कार्यकाल में NSA रहे मैकमास्टर का यह अनुमान सीएनएन के एक शो के दौरान सामने आया। उनसे डोनाल्ड ट्रंप के उस बयान पर सवाल पूछा गया था, जिसमें उन्होंने ईरान के साथ जारी संघर्ष विराम (Ceasefire) को “लाइफ सपोर्ट सिस्टम” पर बताया था—यानी यह बेहद नाज़ुक और अंतिम सांसें गिनती स्थिति में है।
दूसरी ओर, इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू की तल्ख टिप्पणियां भी सुर्खियों में हैं। एक टीवी इंटरव्यू में उन्होंने साफ कर दिया कि ईरान के साथ युद्ध का सिलसिला तब तक नहीं थमेगा, जब तक उस देश के पास संवर्धित यूरेनियम का विशाल भंडार मौजूद है।
सीबीएस के ’60 मिनट्स’ प्रोग्राम में नेतन्याहू ने कड़े शब्दों में कहा, “यह लड़ाई खत्म नहीं हुई है, क्योंकि अभी भी ईरान के पास परमाणु पदार्थ और एनरिच्ड यूरेनियम मौजूद है, जिसे वहां से बाहर निकालना जरूरी है। अभी भी वहां संवर्धन केंद्र सक्रिय हैं जिन्हें ध्वस्त करना होगा।” जब उनसे पूछा गया कि इसे कैसे हटाया जाना चाहिए, तो उन्होंने बेबाकी से जवाब दिया, “आप अंदर घुसते हैं और उसे बाहर खींच लाते हैं।”
Discover more from Aware Media News - Hindi News, Breaking News & Latest Updates
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
