यरूशलेम की अपनी दो दिवसीय ऐतिहासिक यात्रा के दूसरे दिन, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ‘याद वाशेम’ (Yad Vashem) स्मारक पहुंचे, जहाँ इतिहास की सबसे दर्दनाक यादें आज भी मानवता को झकझोरती हैं। विश्व होलोकॉस्ट स्मरण केंद्र में पीएम मोदी ने द्वितीय विश्व युद्ध के दौरान नाजी नरसंहार की बलि चढ़े लगभग 60 लाख यहूदियों की स्मृति में पुष्पचक्र अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। इस भावुक क्षण में इजराइली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू भी उनके साथ मौजूद रहे।
दोनों नेताओं ने सबसे पहले ‘हॉल ऑफ नेम्स’ का दौरा किया, जहाँ नेतन्याहू ने मोदी को अपनी पत्नी सारा के उन परिजनों के नाम दिखाए जो होलोकॉस्ट की विभीषिका में मारे गए थे। इसके बाद आयोजित एक गरिमामयी स्मृति समारोह में प्रधानमंत्री मोदी ने स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित किया और पीड़ितों की याद में वहां परंपरा के अनुसार एक पत्थर रखकर अपनी संवेदनाएं प्रकट कीं।
इसे भी पढ़ें: NCERT Controversy । सुप्रीम कोर्ट की फटकार के बाद शिक्षा मंत्री का कड़ा रुख, दोषियों पर होगी कार्रवाई
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने ‘एक्स’ पर इस यात्रा के महत्व को साझा करते हुए लिखा, “होलोकॉस्ट के पीड़ितों की स्मृतियों को नमन करते हुए और शांति तथा मानव गरिमा की रक्षा के साझा संकल्प को दोहराते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने याद वाशेम का दौरा किया।” होलोकॉस्ट वह काला अध्याय है जब नाज़ी जर्मनी ने लाखों यहूदियों की बेरहमी से हत्या कर दी थी। प्रधानमंत्री ने ‘बुक ऑफ नेम्स हॉल’ में उन लाखों जिंदगियों के दस्तावेजीकरण को देखा, जिन्हें इतिहास से मिटाने की कोशिश की गई थी।
जायसवाल ने आगे कहा, “यह स्मारक हमें अतीत की क्रूरता की याद दिलाता है और अन्याय के विरुद्ध एकजुट होकर एक बेहतर विश्व के निर्माण के हमारे सामूहिक संकल्प को शक्ति देता है।”
इसे भी पढ़ें: Airline Ticket Refund Rule Change | DGCA ने बदले टिकट रिफंड और कैंसिलेशन के नियम, अब 48 घंटे में बदलाव पर नहीं लगेगा एक्स्ट्रा चार्ज
यह प्रधानमंत्री मोदी की याद वाशेम की दूसरी यात्रा है। 1953 में इजराइली संसद (नेसेट) द्वारा स्थापित यह केंद्र होलोकॉस्ट के शोध, शिक्षा और स्मरण का वैश्विक केंद्र है। बुधवार को इजराइल पहुंचे पीएम मोदी की पिछले नौ वर्षों में यह दूसरी यात्रा है। गौरतलब है कि जुलाई 2017 में उनकी पहली यात्रा ने भारत और इजराइल के रिश्तों को एक नई ‘रणनीतिक साझेदारी’ के शिखर पर पहुँचाया था।
Discover more from Aware Media News - Hindi News, Breaking News & Latest Updates
Subscribe to get the latest posts sent to your email.


