बिहार में मतगणना जारी: तेजस्वी यादव ने ‘बदलाव’ का भरोसा जताया, मनोज झा बोले – ‘एग्जिट पोल बाजार का खेल’
बिहार विधानसभा की 243 सीटों के लिए सुबह 8 बजे से मतगणना का महासंग्राम जारी है। इस बीच, महागठबंधन के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार और राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) के दिग्गज नेता तेजस्वी यादव ने पूर्ण विश्वास व्यक्त करते हुए कहा कि इस बार महागठबंधन की सरकार बनेगी। उन्होंने कहा, “हम जीतने जा रहे हैं, इस बार बदलाव होगा।”
तेजस्वी यादव का बयान:
मनोज झा ने कहा – ‘एग्जिट पोल बाजार का खेल’
वहीं, आरजेडी सांसद मनोज कुमार झा ने कहा, “हम बिहार की उम्मीदों और आकांक्षाओं के साथ हैं। राज्य बदलाव की दिशा में है। दोपहर के बाद सब कुछ स्पष्ट हो जाएगा। बदलाव, तेजस्वी यादव और महागठबंधन की अगुवाई में।” उन्होंने एग्जिट पोल के नतीजों पर सवाल उठाते हुए कहा कि “एग्जिट पोल बाजार का खेल है, हम उस खेल में नहीं शामिल हैं।”
मनोज झा का बयान:
कड़ी सुरक्षा में सुबह 8 बजे से मतगणना जारी
राज्य में सुबह 8 बजे से मतगणना का कार्य शुरू हो गया है। निर्वाचन आयोग के दिशानिर्देशों के अनुसार, राज्य के 38 जिलों में बनाए गए कुल 46 मतगणना केंद्रों पर सुरक्षा के चाक-चौबंद इंतजाम किए गए हैं।
बिहार में पहली बार रिकॉर्ड 67% से अधिक वोटिंग
इस बार के विधानसभा चुनाव में मतदान प्रतिशत ने सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। दो चरणों में संपन्न हुए मतदान में पहली बार 67% से अधिक वोट पड़े हैं। यह भी गौर करने वाली बात है कि पुरुषों के मुकाबले महिलाओं का मतदान प्रतिशत 9% अधिक रहा। 6 और 11 नवंबर को हुए इन चुनावों में राज्य के 7.45 करोड़ मतदाताओं ने 2,616 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला ईवीएम में बंद किया था। पहले चरण में 18 जिलों की 121 सीटों पर 65 प्रतिशत से अधिक मतदान हुआ, वहीं दूसरे चरण में 11 नवंबर को 20 जिलों की 122 सीटों पर 69.12 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।
दोनों चरणों में कुल 2616 उम्मीदवार मैदान में
पहले चरण में पटना, मधेपुरा, सहरसा, दरभंगा, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, गोपालगंज, सीवान, सारण, वैशाली, बेगूसराय, खगड़िया, मुंगेर, लखीसराय, शेखपुरा, नालंदा, भोजपुर और बक्सर की सीटों पर मतदान हुआ, जिसमें 3 करोड़ 75 लाख से अधिक मतदाताओं ने 1314 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला किया। दूसरे चरण में पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, सीतामढ़ी, शिवहर, मधुबनी, सुपौल, अररिया, किशनगंज, पूर्णिया, कटिहार, भागलपुर, बांका, जमुई, नवादा, गया, औरंगाबाद, जहानाबाद, अरवल, कैमूर और रोहतास में मतदान हुआ, जिसमें 3,70,13,556 मतदाताओं ने 1302 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला किया।
एनडीए और महागठबंधन के बीच कड़ा मुकाबला
इस चुनाव में मुख्य मुकाबला राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) और महागठबंधन के बीच देखा जा रहा है। एनडीए की ओर से भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के 101, जनता दल (यूनाइटेड) जेडीयू के 101, लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) एलजेपी (रामविलास) के 29, हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (हम) के 6 और राष्ट्रीय लोक मोर्चा के 6 प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं। वहीं, महागठबंधन की ओर से आरजेडी के 144, कांग्रेस के 61, सीपीआई माले के 20, विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) के 13, कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया (मार्क्सवादी) सीपीएम के 4, कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया (सीपीआई) के 9 सहित इंडियन इंकलाब पार्टी (आईआईपी) के उम्मीदवार मतदाताओं के फैसले का इंतजार कर रहे हैं।
Discover more from Aware Media News - Hindi News, Breaking News & Latest Updates
Subscribe to get the latest posts sent to your email.


