बिहार चुनाव: अवधेश प्रसाद ने किया सत्ता परिवर्तन का दावा, यूपी में भी बनेगी अखिलेश सरकार
समाजवादी पार्टी (सपा) के स्टार प्रचारक और अयोध्या से सांसद अवधेश प्रसाद ने बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर बड़ा दावा किया है। पटना में पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि बिहार की जनता मौजूदा सरकार के कुशासन से ऊब चुकी है और बदलाव के मूड में है। जैसे-जैसे चुनाव करीब आ रहे हैं, यह बदलाव एक आंधी का रूप ले रहा है, जिसके तहत महागठबंधन की सरकार बनना निश्चित है।
अवधेश प्रसाद ने अपने अयोध्या से मिली जीत का जिक्र करते हुए कहा कि वहां की जनता, भगवान राम, हनुमान और सरयू के आशीर्वाद के साथ-साथ पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के मार्गदर्शन से वे विजयी हुए हैं। इस जीत की चर्चा पूरे देश और दुनिया में हो रही है।
बिहार की वर्तमान स्थिति पर चिंता व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि राज्य में बेरोजगारी चरम पर है। पढ़ा-लिखा नौजवान भी बेरोजगार होने के कारण आत्महत्या सोचने पर मजबूर है। अनपढ़ और मजदूरों को भी काम के लिए बाहर जाना पड़ता है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि भीमराव अंबेडकर द्वारा बनाए गए संविधान में परिकल्पित कल्याणकारी राज्य की जगह, वर्तमान सरकार पूरी तरह से व्यापार कर रही है।
सपा सांसद ने यह भी कहा कि बिहार का चुनाव एक नया इतिहास रचेगा और यह बदलाव की एक ऐसी आंधी की शुरुआत होगी, जो 2027 में उत्तर प्रदेश में भी चलेगी और वहां अखिलेश यादव की सरकार बनेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि इसी तरह पूरे देश से भाजपा की ‘डबल इंजन’ सरकार का सफाया हो जाएगा।
Discover more from Aware Media News - Hindi News, Breaking News & Latest Updates
Subscribe to get the latest posts sent to your email.


