PUNJAB NEWS(Aware media): पंजाब में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले शिरोमणि अकाली दल अपनी राजनीतिक ताकत बढ़ाने में जुटा है। इसी बीच पार्टी के लिए एक बड़ी खबर सामने आई है। SGPC की पूर्व अध्यक्ष बीबी जागीर कौर एक बार फिर शिरोमणि अकाली दल में शामिल होने जा रही हैं। इस वापसी को पंजाब की राजनीति में काफी अहम माना जा रहा है।
जानकारी के मुताबिक अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल आज यानी 15 नवंबर को कपूरथला जिले के बेगोवाल पहुंचेंगे। यहां वह खुद बीबी जागीर कौर को पार्टी में शामिल करवाएंगे। यह कार्यक्रम पहले 13 नवंबर को होना था लेकिन सुखबीर बादल की व्यस्तता के चलते इसे आगे बढ़ा दिया गया था। अब दोपहर करीब 1 बजकर 30 मिनट पर सुखबीर बादल बेगोवाल के डेरा संत बाबा प्रेम सिंह मुराले वाले पहुंचेंगे।
बीबी जागीर कौर पंजाब की राजनीति में जाना पहचाना नाम हैं। वह शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी यानी SGPC की अध्यक्ष बनने वाली पहली महिला रही हैं। इस वजह से सिख राजनीति में उनकी अपनी अलग पहचान है। लंबे समय तक वह अकाली दल के साथ जुड़ी रहीं और पार्टी में उनकी अच्छी पकड़ मानी जाती है।
हालांकि पिछले करीब दो साल से बीबी जागीर कौर शिरोमणि अकाली दल पुनर सुरजीत से जुड़ी हुई थीं। अब एक बार फिर पुराने दल में उनकी वापसी होने जा रही है। ऐसे में इस फैसले को आने वाले चुनाव से जोड़कर देखा जा रहा है।
पंजाब में अगले विधानसभा चुनाव को लेकर अभी से राजनीतिक पार्टियों ने अपनी तैयारी शुरू कर दी है। अकाली दल के लिए बीबी जागीर कौर की वापसी से खासकर कपूरथला और आसपास के इलाकों में राजनीतिक समीकरण बदल सकते हैं। उनकी वापसी से पार्टी को कितना फायदा मिलेगा यह आने वाले दिनों में साफ होगा।
फिलहाल सभी की नजरें बेगोवाल में होने वाले इस कार्यक्रम पर टिकी हैं। अब देखना होगा कि बीबी जागीर कौर की वापसी के बाद पंजाब की राजनीति में अकाली दल को कितनी मजबूती मिलती है।
Discover more from Aware Media News - Hindi News, Breaking News & Latest Updates
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
