रवि किशन की 33 साल की मेहनत, ‘लापता लेडीज’ ने दिलाई पहली फिल्मफेयर, मंच पर पत्नी को किया याद
भोजपुरी सांसद और लोकप्रिय अभिनेता रवि किशन शुक्ला आज सुबह से ही सोशल मीडिया पर छाए हुए हैं। इसकी वजह है 70वां फिल्मफेयर अवॉर्ड, जिसमें उन्होंने फिल्म ‘लापता लेडीज’ में अपने शानदार अभिनय के लिए ‘सर्वश्रेष्ठ सहायक अभिनेता’ का प्रतिष्ठित खिताब अपने नाम किया। यह कामयाबी उन्हें इस इंडस्ट्री में पूरे 33 साल की मेहनत के बाद मिली है, और मंच पर अवॉर्ड लेते समय वे भावुक हो उठे।
अवार्ड स्वीकार करते हुए रवि किशन ने कहा, “महादेव की कृपा, आप सभी लोगों के स्नेह, परिवार और विशेष रूप से मेरी पत्नी के सहयोग से यह सफलता मिली है।” उन्होंने अपने इस अनमोल अवॉर्ड को देश की जनता के नाम समर्पित करते हुए कहा, “मैं 33 साल से फिल्म इंडस्ट्री में हूं, 750 से ज्यादा फिल्में कर चुका हूं, कई भाषाओं में काम किया है, लेकिन फिल्मफेयर का अवॉर्ड आज तक नहीं मिला था।”
“जीवन में एक बार सूर्योदय होता है”: रवि किशन का भावुक पल
रवि किशन ने अपनी भावनाओं को व्यक्त करते हुए आगे कहा, “कई बार लोग मुझसे कहते थे कि चलो साथ में स्टेज पर चलते हैं, लेकिन मैं हमेशा कहता था कि ‘नहीं, जब मेरा नंबर आएगा और मेरा नाम पुकारा जाएगा, तभी वहां जाऊंगा।’ और आज वो दिन आ गया। जीवन में एक ही बार सूर्योदय होता है, और आज वो हो गया।”
सफलता का श्रेय पत्नी प्रीति शुक्ला को
उन्होंने साफ तौर पर स्वीकार किया कि उनकी इस सफलता में उनकी पत्नी का बहुत बड़ा हाथ है। यह पहली बार नहीं है जब रवि किशन ने अपनी कामयाबी का श्रेय अपनी पत्नी को दिया हो; वे पहले भी कई मंचों से अपनी पत्नी के प्रति अपना गहरा प्यार और सम्मान व्यक्त कर चुके हैं।
11वीं कक्षा में हुआ था प्यार का इजहार
रवि किशन की पत्नी का नाम प्रीति शुक्ला है, जो आमतौर पर मीडिया की चकाचौंध से दूर रहती हैं। रवि किशन प्रीति की सादगी और मोहक अदाओं पर 11वीं कक्षा में ही दिल हार बैठे थे। दोनों की दोस्ती स्कूल में हुई और फिर यह दोस्ती प्यार में बदल गई, जिसके बाद उन्होंने शादी का फैसला लिया। प्रीति ने रवि किशन को एक स्टार बनने में काफी मदद की। 10 दिसंबर 1993 को रवि किशन ने प्रीति शुक्ला से शादी की। रवि किशन फिल्मों में स्टार बने, वहीं प्रीति ने घर संभालने की जिम्मेदारी संभाली।
चार बच्चों के पिता हैं रवि किशन
इस प्यारे जोड़े के चार बच्चे हैं – एक बेटा और तीन बेटियां। उनकी बेटी रीवा किशन ने 2020 में फिल्म ‘सब कुशल मंगल’ से अपने फिल्मी करियर की शुरुआत की। वहीं, उनकी दूसरी बेटी इशिता, जो एक एनसीसी कैडेट थीं, जून 2023 में भारतीय सेना में शामिल हुईं। प्रीति किशन 2018 में रवि किशन प्रोडक्शन एंड मीडिया प्राइवेट लिमिटेड की डायरेक्टर बनीं। यहां तक कि कपिल शर्मा के शो में उन्होंने खुलासा किया था कि वे हर रात प्रीति का पैर छूकर सोते हैं।
रवि किशन के सफर पर एक नजर…
- रवि किशन का जन्म 17 जुलाई 1969 को बॉम्बे, महाराष्ट्र में हुआ था।
- उन्होंने बारहवीं तक की पढ़ाई रिज़वी कॉलेज, बांद्रा पश्चिम, मुंबई से की।
- उनका पैतृक गांव केराकत, जौनपुर, उत्तर प्रदेश है, जहाँ वे लगभग सात साल रहे।
- वह वर्तमान में गोरखपुर से लोकसभा सांसद हैं।
- संसदीय कर्तव्यों में उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए उन्हें 2025 में संसद रत्न पुरस्कार से नवाजा गया।
- उनकी फिल्में मुख्य रूप से भोजपुरी और हिंदी सिनेमा के साथ-साथ तेलुगु सिनेमा में भी हैं। वे कुछ कन्नड़ और तमिल फिल्मों में भी नजर आए हैं।
- रवि किशन ने अपने फिल्मी सफर की शुरुआत 1992 में आई हिंदी फिल्म “पितांबर” से की।
- शुरुआती दौर में उन्होंने कई छोटे रोल किए, लेकिन असली पहचान उन्हें भोजपुरी फिल्मों से मिली।
- उनकी पहली बड़ी भोजपुरी हिट फिल्म “सैयां हमार” (2003) थी, जिसने उन्हें भोजपुरी सिनेमा का सुपरस्टार बना दिया।
- इसके बाद उन्होंने ‘पांडव’, ‘गब्बर सिंह’, ‘दुल्हन चाही पाकिस्तान से’, ‘हम तो हो गइल तोहरे’, और ‘बलम जी लव यू’ जैसी कई सुपर हिट फिल्में दीं।
English Summary:
Gorakhpur MP Ravi Kishan has won the Best Supporting Actor at the 70th Filmfare Awards: Know his Filmy Love Story.
Discover more from Aware Media News - Hindi News, Breaking News & Latest Updates
Subscribe to get the latest posts sent to your email.


