जयपुर. विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने रविवार को केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण से मुख्यमंत्री भजनलाल की सौजन्य मुलाकात को लेकर उन पर कटाक्ष किया है.
इस संबंध में कांग्रेस नेता जूली ने आज एक्स के माध्यम से कहा कि मुख्यमंत्री जी, दिल्ली में ‘शिष्टाचार’ तो ठीक है, लेकिन राजस्थान के ‘हक’ का हिसाब कब होगा? जनता जानना चाहती है कि आपकी सरकार में राज्य की आर्थिक सेहत इतनी खराब क्यों हो रही है? आंकड़ों की हकीकत विज्ञापन की ‘महिमा’ से कोसों दूर है. कल केंद्रीय वित्त मंत्री के साथ अपनी बैठक में क्या आपने इन कटौतियों पर सवाल उठाया?
एसएएससीआई योजना: अनुमानित ₹15,000 करोड़, प्राप्त केवल ₹9,500 करोड़ (37% कटौती)। केंद्रीय कर (हस्तांतरण): ₹85,716 करोड़ के लक्ष्य के मुकाबले केवल ₹83,940 करोड़ प्राप्त हुए। सहायता अनुदान: ₹39,193 करोड़ की उम्मीद थी, लेकिन केवल ₹37,910 करोड़ प्राप्त हुए।
जूली ने कहा, मुख्यमंत्री जी, राजस्थान के हिस्से के ये 8 हजार करोड़ रुपए से ज्यादा कहां कम हो गए? 15वें वित्त आयोग के तहत राजस्थान की हिस्सेदारी में लगातार गिरावट आ रही है. विभाज्य पूल में राजस्थान की हिस्सेदारी पहले के 5.5% से घटकर 6.026% (14वें आयोग) के बाद अब और भी अधिक चुनौतीपूर्ण स्थिति में है। बजट 2025-26 के वास्तविक आंकड़े केंद्रीय करों से प्राप्त राशि में लगभग ₹1,776 करोड़ की प्रत्यक्ष कमी दर्शाते हैं। क्या दिल्ली यात्रा के दौरान इस पर कोई चर्चा हुई?
आपकी सरकार सिर्फ 3 साल में 2.22 लाख करोड़ रुपये का कर्ज लेने जा रही है.
कांग्रेस नेता जूली ने आगे कहा कि 2 साल बनाम 5 साल का राग अलापने वाले मुख्यमंत्री सच सुन लें. कांग्रेस सरकार ने 5 साल में 2.26 लाख करोड़ का कर्ज लिया. आपकी सरकार सिर्फ 3 साल में 2.22 लाख करोड़ रुपये का कर्ज लेने जा रही है. 5 साल का कर्ज 3 साल में डकारने वाली सरकार किस मुंह से सुशासन की बात करती है? वास्तविकता यह है कि राज्य की अर्थव्यवस्था (जीएसडीपी) का आकार 1.13 लाख करोड़ रुपये (लगभग 6%) कम हो गया है। क्या आप दिल्ली से इन नुकसानों की भरपाई का कोई ठोस वादा लेकर आए हैं या राजस्थान को कर्ज के जाल में फंसाकर ही लौटे हैं? जवाब दीजिए मुख्यमंत्री जी.
पीसी: फर्स्टइंडियान्यूज
अपडेटेड खबरों के लिए हमारे व्हाट्सएप चैनल को फॉलो करें
Discover more from Aware Media News - Hindi News, Breaking News & Latest Updates
Subscribe to get the latest posts sent to your email.


