कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की अध्यक्षता में शनिवार को इंदिरा गांधी भवन में कांग्रेस वर्किंग कमेटी (सीडब्ल्यूसी) की महत्वपूर्ण बैठक हुई। इस दौरान लोकसभा के नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने डॉ. मनमोहन सिंह की तस्वीर पर पुष्पांजलि अर्पित की।
सीडब्ल्यूसी की बैठक से पहले राहुल गांधी ने पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह, पूर्व गृह मंत्री शिवराज पाटिल और पूर्व कोयला मंत्री श्रीप्रकाश जायसवाल को श्रद्धांजलि अर्पित की।
राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक पर तस्वीर पोस्ट करते हुए लिखा, “आज नई दिल्ली के इंदिरा भवन में डॉ. मनमोहन सिंह जी, श्री शिवराज पाटिल जी और श्री श्रीप्रकाश जायसवाल जी को याद किया। इन महान हस्तियों का जीवन ईमानदारी, निस्वार्थ जनसेवा और राष्ट्र और कांग्रेस पार्टी के प्रति अटूट प्रतिबद्धता से भरा था। उनके मूल्य, ज्ञान और उदाहरण हमें आगे भी रास्ता दिखाते रहेंगे।”
बैठक में मल्लिकार्जुन खड़गे और राहुल गांधी के अलावा सोनिया गांधी और कर्नाटक, तेलंगाना और हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सहित कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए। इस बैठक में मुख्य रूप से केंद्र सरकार के वीबी-जी राम जी कानून के खिलाफ राष्ट्रीय आंदोलन की योजना पर चर्चा हुई। खड़गे ने इसे गरीबों पर ‘आघात’ बताते हुए देशव्यापी विरोध की तैयारी का आह्वान किया।
मल्लिकार्जुन खड़गे ने एक्स पर पोस्ट किया, “आज ऐसे मौके पर विचार और भविष्य की रणनीति बनाने के लिए एकत्र हुए हैं, जब देश में लोकतंत्र, संविधान और नागरिकों के अधिकारों पर चारों तरफ गंभीर संकट छाया है। हाल में संसद के शीतकालीन सत्र में मोदी सरकार ने मनरेगा को समाप्त कर करोड़ों गरीबों और कमजोर तबके के लोगों को बेसहारा कर दिया है। गरीबों के पेट पर लात मारने के साथ उनकी पीठ में मोदी सरकार ने छुरा घोंपा है।”
उन्होंने कहा कि मनरेगा को समाप्त करना राष्ट्रपिता महात्मा गांधी का अपमान है।
Discover more from Aware Media News - Hindi News, Breaking News & Latest Updates
Subscribe to get the latest posts sent to your email.

