मतदाताओं को सीधी धमकी: अजित पवार का ‘वोट दो, पैसा पाओ’ वाला दांव!
महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री और एनसीपी प्रमुख अजित पवार एक बार फिर अपने विवादास्पद बयान के चलते सुर्खियों में हैं। पुणे भूमि घोटाले में बेटे पार्थ का नाम आने के बाद अभी वे विवादों से उबरे ही थे कि मालेगांव में मतदाताओं को धमकाकर उन्होंने नया बवाल खड़ा कर दिया है।
‘वोट नहीं तो विकास भी नहीं!’
पुणे जिले के मालेगांव में एक चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए पवार ने साफ तौर पर कहा कि अगर मतदाता उनकी पार्टी के उम्मीदवारों को जिताते हैं तो वे शहर के विकास के लिए धन की कमी नहीं होने देंगे। लेकिन, यदि मतदाताओं ने उनके उम्मीदवारों को अस्वीकार किया, तो वे भी फंड जारी नहीं करेंगे। एनसीपी प्रमुख, जो गठबंधन सरकार में वित्त मंत्रालय संभाल रहे हैं, ने मतदाताओं को सीधी चेतावनी दी, “अगर आप एनसीपी के सभी 18 उम्मीदवारों को चुनते हैं, तो मैं यह सुनिश्चित करूंगा कि धन की कोई कमी न हो। अगर आप मना करोगे तो मैं भी मना कर दूंगा। आपके पास वोट हैं, मेरे पास विकास कार्य के लिए पैसा है।”
विपक्ष का तीखा प्रहार
पवार के इस बयान की विपक्षी दलों ने कड़ी आलोचना की है। शिवसेना (यूबीटी) के नेता अंबादास दानवे ने पवार पर मतदाताओं को धमकाने का आरोप लगाते हुए कहा, “यह धनराशि आम लोगों द्वारा दिए गए करों से दी जाती है, न कि अजित पवार के घर से। यदि पवार जैसे नेता मतदाताओं को धमका रहे हैं तो निर्वाचन आयोग क्या कर रहा है?”
गौरतलब है कि महाराष्ट्र में नगर पंचायतों के चुनाव दो दिसंबर को होने हैं। ऐसे में, अजित पवार का यह बयान निश्चित रूप से चुनावी माहौल को और गरमाएगा।
Discover more from Aware Media News - Hindi News, Breaking News & Latest Updates
Subscribe to get the latest posts sent to your email.


