मैदान पर ब्राजीली जादू और नेमार की दहाड़! स्कॉटलैंड के खिलाफ ग्रुप C के मुकाबले में 3-0 की धमाकेदार जीत के बाद, सुपरस्टार खिलाड़ी नेमार ने 2026 वर्ल्ड कप फतह करने का अपना इरादा साफ कर दिया है। जीत के जोश में डूबे नेमार ने कहा कि टीम पूरी तरह एकजुट है और उनका एकमात्र लक्ष्य ट्रॉफी उठाना है। उन्होंने उत्साहित होकर कहा, “सिर्फ मैं ही नहीं, बल्कि पूरी टीम जीत के लिए भूखी है। हम जानते हैं कि अगर हमारी यह ‘इच्छा’ और अधिक मजबूत हुई और हम साथ मिलकर लड़े, तो हमें अपना लक्ष्य हासिल करने से कोई नहीं रोक सकता।”
इसे भी पढ़ें: China This Week | 1.29 करोड़ छात्रों का भविष्य तय करने वाला महा-इम्तिहान और फीफा में चीन की ‘अदृश्य’ एंट्री!
34 साल के इस दिग्गज खिलाड़ी के लिए यह पल बेहद भावुक था, क्योंकि 2023 के बाद उन्होंने पहली बार पीली जर्सी में मैदान पर कदम रखा। मैच के आखिरी लम्हों में जब वे सब्स्टीट्यूट के तौर पर आए, तो फैंस की खुशी का ठिकाना न रहा। पिंडली (calf) की चोट के कारण शुरुआती दो मैचों से बाहर रहे नेमार ने चोट को मात देकर शानदार वापसी की है। यह सिर्फ वर्ल्ड कप का उनका पहला मैच नहीं था, बल्कि अक्टूबर 2023 में उरुग्वे के खिलाफ लगी उस भयानक घुटने की चोट (ACL) के बाद उनका पहला इंटरनेशनल अपीयरेंस भी था, जिसने उन्हें लंबे समय तक फुटबॉल से दूर रखा था।
चोट के चलते क्वालिफिकेशन दौर के बड़े हिस्से से बाहर रहने वाले नेमार ने 76वें मिनट में मैथियस कुन्हा की जगह ली। इसके साथ ही इस स्टार फॉरवर्ड ने अपने नाम एक बड़ी उपलब्धि दर्ज कर ली—यह उनका चौथा फीफा वर्ल्ड कप है। नेमार अब उन चुनिंदा खिलाड़ियों की फेहरिस्त में शामिल हैं, जिन्होंने 2014, 2018, 2022 और अब 2026 के वर्ल्ड कप संस्करणों में अपनी चमक बिखेरी है।
इसे भी पढ़ें: 981 दिन बाद मैदान पर वापसी! आँखों में आँसू, फैंस का खड़े होकर अभिवादन… FIFA World Cup 2026 में दिखा Neymar Junior का इमोशनल कमबैक
मैच की बात करें तो ब्राजील ने स्कॉटलैंड को चारों खाने चित कर दिया। विनीसियस जूनियर के तूफान में स्कॉटलैंड की टीम उड़ गई; उन्होंने सातवें मिनट में ही खाता खोला और फिर हाफ-टाइम से ठीक पहले एक शानदार हेडर से स्कोर 2-0 कर दिया। रही-सही कसर ब्रेक के बाद मैथियस कुन्हा ने तीसरा गोल दागकर पूरी कर दी। इस जीत के साथ ब्राजील ग्रुप C में टॉप पर रहते हुए शान से नॉकआउट राउंड में पहुंच गया है, जहां उनके साथ मोरक्को ने भी जगह बनाई है।
For more Sports News in Hindi Today please click here
Discover more from Aware Media News - Hindi News, Breaking News & Latest Updates
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
