टेनिस के ‘किंग’ हुए कोहली के मुरीद: जोकोविच ने बताया क्यों शुरू किया क्रिकेट देखना!
खेल जगत के ‘ऑस्कर’ कहे जाने वाले लॉरियस वर्ल्ड स्पोर्ट्स अवॉर्ड्स के मंच से एक बेहद दिलचस्प खबर सामने आई है। टेनिस के बेताज बादशाह नोवाक जोकोविच इन दिनों क्रिकेट के रंग में रंगे नजर आ रहे हैं और इसकी सबसे बड़ी वजह हैं—भारतीय रन-मशीन विराट कोहली। एक भारतीय न्यूज चैनल से बातचीत के दौरान जोकोविच ने किंग कोहली की जमकर तारीफ की और खुलासा किया कि कैसे विराट की वजह से ही उन्होंने क्रिकेट को फॉलो करना शुरू किया है।
टाइम्स नाउ से खास बातचीत में जोकोविच ने कहा, “विराट कोहली मेरे बेहतरीन दोस्त हैं और मैं उनका बहुत सम्मान करता हूं। ईमानदारी से कहूं तो उनकी वजह से ही मैंने क्रिकेट में दिलचस्पी लेना शुरू किया। पहले भी मैं इसे थोड़ा-बहुत फॉलो करता था, लेकिन विराट के जरिए मेरा जुड़ाव और बढ़ गया।” उन्होंने आगे बताया कि दोनों दिग्गज लगातार संपर्क में रहते हैं। जोकोविच ने उम्मीद जताई कि जब भी वह भारत आएंगे, तो विराट उनके साथ होंगे। उन्होंने हंसते हुए कहा, “हम साथ में थोड़ा टेनिस और थोड़ा क्रिकेट खेलेंगे। हम खेल का आनंद लेंगे, मस्ती करेंगे और पॉजिटिव वाइब्स फैलाएंगे।”
इतना ही नहीं, जोकोविच ने खुद को भारत का बहुत बड़ा प्रशंसक बताया और जल्द ही भारत आने का अपना इरादा भी साफ कर दिया। भारतीय फैंस को संदेश देते हुए टेनिस आइकन ने कहा, “भारतीय टेनिस प्रेमियों और खेल प्रशंसकों से मुझे सालों से जो प्यार मिला है, उसके लिए मेरे मन में हमेशा सम्मान और प्रशंसा रहेगी। मेरा संदेश यही है कि बहुत जल्द आपसे भारत में मुलाकात होगी। मैं पिछले कई सालों से भारत आने की इच्छा रख रहा हूं और अब वहां जाने का वक्त आ गया है।”
Discover more from Aware Media News - Hindi News, Breaking News & Latest Updates
Subscribe to get the latest posts sent to your email.


