रांची में पेट्रोल का महा-लूट: सड़क पर पलटा टैंकर, तो डब्बे लेकर दौड़े लोग
नामकुम (रांची): झारखंड की राजधानी रांची के नामकुम थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाला मंज़र देखने को मिला। रामपुर विकास रिंग रोड के करकट्टा में एक पेट्रोल टैंकर (एमएच46बीएफ2348) अनियंत्रित होकर पलट गया। गनीमत रही कि चालक सुरक्षित बच निकला, लेकिन इसके बाद जो हुआ, उसने व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए।
पेट्रोल के लिए मची अफरातफरी:
जैसे ही टैंकर पलटा और पेट्रोल बहने लगा, आसपास के लोगों में अफरातफरी मच गई। लोग डिब्बे, बाल्टी, गैलन और जार लेकर मौके पर पहुँच गए और बहते हुए पेट्रोल को लूटने लगे। यह खबर जंगल की आग की तरह फैली और देखते ही देखते भारी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए, और पेट्रोल भरने की होड़ लग गई।
हल्दिया से रामगढ़ जा रहा था टैंकर:
जानकारी के अनुसार, यह टैंकर बंगाल के हल्दिया से रिलायंस का 24 हजार लीटर पेट्रोल लेकर रामगढ़ जा रहा था। चालक सुधीर कुमार (गया, बिहार निवासी) ने बताया कि रिंग रोड पर अचानक एक जानवर के आ जाने से टैंकर अनियंत्रित हो गया। जानवर से बचने की कोशिश में टैंकर रेलिंग से टकराकर पुल के नीचे खेत में पलट गया। चालक ने किसी तरह अपनी जान बचाई और कंपनी को घटना की सूचना दी।
10 घंटे बाद 4 हाइड्रा की मदद से हटाया गया टैंकर:
दुर्घटना सुबह 8 बजे हुई, लेकिन टैंकर को करीब 10 घंटे बाद, शाम 6 बजे, 4 हाइड्रा की मदद से हटाया जा सका। पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम सुबह से ही घटनास्थल पर मौजूद थी और संभावित दुर्घटना से बचने के लिए ग्रामीणों को दूर रखा। शुक्र है कि टैंकर गीली खेत और नाली के पास पलटा, जिससे किसी बड़ी आग की घटना से बचा जा सका। अगर यह सड़क पर पलटता, तो भयावह मंज़र हो सकता था।
Discover more from Aware Media News - Hindi News, Breaking News & Latest Updates
Subscribe to get the latest posts sent to your email.


