Bihar News: सारण जिले में आज आयोजित ‘खेत बचाओ अभियान-सह-कृषि जन कल्याण संवाद’ कार्यक्रम में किसानों और जनसमूह को संबोधित करते हुए माननीय कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने कृषि एवं किसानों के सर्वांगीण विकास, खेतों की उर्वरता के संरक्षण और प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के प्रति राज्य सरकार की अटूट प्रतिबद्धता व्यक्त की। विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि “हमारे परिवार का स्वास्थ्य सीधे हमारी मिट्टी के स्वास्थ्य से जुड़ा है। जिस मिट्टी में हम अन्न उपजाते हैं, यदि वही स्वस्थ और पोषक तत्वों से भरपूर होगी, तभी हमें शुद्ध, पौष्टिक भोजन मिलेगा और हमारा परिवार स्वस्थ एवं सुरक्षित रहेगा।” ‘खेत बचाओ अभियान’ के इस संकल्प को जन-जन तक पहुँचाकर इसे एक विशाल जन आंदोलन का रूप देने के उद्देश्य से माननीय जनप्रतिनिधियों ने भी कार्यक्रम में पूरी ऊर्जा के साथ सहभागिता की।
किसानों को मिट्टी की गुणवत्ता एवं पोषक तत्वों की सही जानकारी उपलब्ध
इस अवसर पर माननीय लोकसभा सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल, विधायक छोटी कुमारी, जनक सिंह, रंधीर कुमार सिंह एवं मनोरंजन सिंह उर्फ धूमल सिंह तथा विधान परिषद सदस्य सच्चिदानंद राय सहित कई अन्य गणमान्य जनप्रतिनिधियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। सभी ने किसानों के हितों की रक्षा, खेतों के संरक्षण और कृषि के सतत विकास के इस अभियान को जनभागीदारी के साथ आगे बढ़ाने का संकल्प लिया। सिन्हा ने बताया कि किसानों को मिट्टी की गुणवत्ता एवं पोषक तत्वों की सही जानकारी उपलब्ध कराना अत्यंत आवश्यक है। इसी उद्देश्य से राज्य के सभी हाई स्कूलों में मिट्टी जाँच प्रयोगशाला स्थापित करने का निर्देश दिया गया है, ताकि विद्यार्थी प्रारंभिक स्तर से ही मृदा स्वास्थ्य एवं वैज्ञानिक खेती के महत्व को गहराई से समझ सकें। कृषि मंत्री ने बताया कि माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी विजन के अनुरूप ‘खेत बचाओ अभियान’ धरती की उर्वरता बचाने, प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने और आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वस्थ मिट्टी एवं समृद्ध कृषि का मजबूत आधार तैयार करने का अनूठा प्रयास है। कृषि मंत्री ने कहा कि मिट्टी के संरक्षण के प्रति नई पीढ़ी को जागरूक करने के उद्देश्य से वित्तीय वर्ष 2026-27 में बिहार के सभी 38 जिलों के 629 पीएम श्री एवं राजकीय विद्यालयों में मिनी मिट्टी जाँच प्रयोगशालाएँ स्थापित की जाएँगी। इससे विद्यार्थी मिट्टी की गुणवत्ता को वैज्ञानिक तरीके से परखेंगे और उसके संरक्षण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के लिए प्रेरित होंगे। मुझे अत्यंत प्रसन्नता है कि इस दिशा में पहले ही 160 पीएम उच्च विद्यालयों में ऐसी प्रयोगशालाएँ सफलतापूर्वक स्थापित की जा चुकी हैं।
खेत बचाओ अभियान की सफलता किसानों की सक्रिय भागीदारी और जन-जागरूकता पर निर्भर
उन्होंने कहा कि खेत बचाओ अभियान की वास्तविक सफलता किसानों की सक्रिय भागीदारी और जन-जागरूकता पर पूरी तरह निर्भर करती है। मुझे यह बताते हुए अपार प्रसन्नता हो रही है कि शारदीय (खरीफ) मौसम में पूरे बिहार में 7,275 किसान बैठकों का आयोजन किया गया, जिनमें 6,19,436 किसानों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। इनमें उल्लेखनीय रूप से 2,12,610 महिला किसान भी शामिल रहीं। किसानों की यह व्यापक भागीदारी खेतों के संरक्षण और मिट्टी के स्वास्थ्य के प्रति बढ़ती जागरूकता का स्पष्ट प्रमाण है। सिन्हा ने यह भी घोषणा की कि वासंतिक (रबी) मौसम 2026-27 में इस अभियान को राज्य के सभी 534 प्रखंडों तक पहुँचाने का महत्वाकांक्षी लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके तहत प्रत्येक प्रखंड की कम से कम दो पंचायतों में विशेष किसान जागरूकता शिविर आयोजित किए जाएँगे। हमारा निरंतर प्रयास है कि इस अभियान के माध्यम से 15 से 16 लाख किसानों तक सीधे पहुँचकर उन्हें मिट्टी के स्वास्थ्य, खेतों की उर्वरता और टिकाऊ कृषि पद्धतियों के प्रति जागरूक किया जाए, ताकि खेतों का संरक्षण वास्तव में जनभागीदारी का एक व्यापक राष्ट्रीय अभियान बन सके।
कृषि विभाग द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी का भी अवलोकन
कार्यक्रम के दौरान विजय कुमार सिन्हा ने बीज, कीटनाशक, मिट्टी जाँच, उर्वरक सहित कृषि से जुड़े कुल 19 महत्वपूर्ण विषयों पर किसानों के साथ सीधा और खुला संवाद किया। इस दौरान उन्होंने किसानों की समस्याओं, बहुमूल्य सुझावों एवं अपेक्षाओं को बेहद गंभीरतापूर्वक सुना तथा उनके त्वरित समाधान एवं प्रभावी क्रियान्वयन को सुनिश्चित करने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस विशेष अवसर पर विजय कुमार सिन्हा ने कृषि विभाग द्वारा लगाई गई भव्य प्रदर्शनी का भी बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने प्रदर्शनी में प्रदर्शित विभिन्न जनकल्याणकारी कृषि योजनाओं, आधुनिक कृषि तकनीकों, उन्नत कृषि यंत्रों, गुणवत्तायुक्त बीजों तथा प्राकृतिक खेती से जुड़े नवीनतम नवाचारों का गहराई से जायजा लिया।
Discover more from Aware Media News - Hindi News, Breaking News & Latest Updates
Subscribe to get the latest posts sent to your email.


