कांग्रेस का भाजपा पर पलटवार: ‘हमारा चरित्र विरोधियों के प्रति अभद्र भाषा का नहीं’
नई दिल्ली: कांग्रेस ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ कथित तौर पर धमकी दिए जाने संबंधी भाजपा के आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए सोमवार को कहा कि राजनीतिक विरोधियों के प्रति अभद्र भाषा का प्रयोग कांग्रेस की परंपरा नहीं है। पार्टी के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने दावा किया कि सत्ताधारी दल इस तरह के आरोप लगाकर संसद में हंगामा खड़ा करना चाहता है।
संसद में भाजपा का ‘नाटक’: वेणुगोपाल का आरोप
संसद परिसर में पत्रकारों से बात करते हुए वेणुगोपाल ने कहा, “हमारी जनसभा की भारी सफलता से बौखलाकर भाजपा यह नाटक कर रही है, जो पूरी तरह निराधार है। हमारी रैली में ऐसा उत्साह वर्षों बाद देखा गया।” उन्होंने आगे कहा, “मैं भाजपा से पूछना चाहता हूं कि क्या किसी कांग्रेस नेता ने कुछ कहा? बिलकुल नहीं। जनसभाओं में लाखों लोग शामिल होते हैं…राजनीतिक विरोधियों के खिलाफ अभद्र और अस्वीकार्य भाषा का प्रयोग हमारी परंपरा नहीं है।”
‘हमारे संस्कार ऐसे नहीं’
वेणुगोपाल ने कड़े शब्दों में भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा, “अमित शाह जी ने लोकसभा में बोलते हुए जिस तरह की भाषा का प्रयोग किया, सौगत रॉय जी के खिलाफ जिस भाषा का इस्तेमाल किया, वह सबके सामने है। हमारे संस्कार ऐसे नहीं हैं।” उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि भाजपा के सदस्य संसद में केवल तमाशा करना चाहते हैं।
यह गौरतलब है कि केंद्रीय मंत्री किरेन रीजीजू ने सोमवार को कहा था कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी को कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को कथित तौर पर दी गई “धमकी” के लिए माफी मांगनी चाहिए। इस मुद्दे को लेकर भाजपा सदस्यों ने संसद के दोनों सदनों में हंगामा किया। (पीटीआई के इनपुट के साथ)
Discover more from Aware Media News - Hindi News, Breaking News & Latest Updates
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
