पत्रकार पर बीजेपी नेता का कहर, ‘सवाल पूछना गुनाह’, कांग्रेस और आरजेडी का हल्ला बोल
बिहार में चुनावी माहौल गरमाया हुआ है, और इस बीच एक ऐसी घटना सामने आई है जिसने सियासी गलियारों में भूचाल ला दिया है। बिहार बीजेपी के वरिष्ठ नेता और पूर्व डिप्टी सीएम तारकिशोर प्रसाद का एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें वह एक पत्रकार के साथ मारपीट करते नजर आ रहे हैं। इस घटना ने कांग्रेस और आरजेडी को बीजेपी पर जोरदार हमला करने का मौका दे दिया है।
क्या है पूरा मामला?
दरअसल, बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के मतदान से ठीक एक दिन पहले, कटिहार विधानसभा क्षेत्र से बीजेपी उम्मीदवार और पूर्व उपमुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद एक चुनावी कार्यक्रम में पहुंचे थे। तभी एक स्थानीय पत्रकार ने उनसे बीजेपी-जेडीयू की 20 साल की सत्ता में हुए कामों पर सवाल पूछ दिया। पत्रकार का यह सवाल सुनते ही तारकिशोर प्रसाद का पारा हाई हो गया। उन्होंने न सिर्फ पत्रकार का हाथ मरोड़ा, बल्कि उसके साथ हाथापाई भी शुरू कर दी। स्थिति तब और बिगड़ गई जब तारकिशोर प्रसाद के समर्थकों ने भी पत्रकार पर हमला कर दिया। आरोप है कि इतना ही नहीं, तारकिशोर प्रसाद ने अपने अंगरक्षकों को पत्रकार को पकड़कर जेल में डालने का आदेश भी दे दिया।
कांग्रेस का ‘जंगलराज’ का आरोप
कांग्रेस ने इस घटना का वीडियो अपने एक्स (पूर्व में ट्विटर) हैंडल पर शेयर करते हुए बीजेपी पर तीखा हमला बोला है। कांग्रेस ने लिखा, “ये हैं बीजेपी के वरिष्ठ नेता और बिहार के पूर्व डिप्टी सीएम तारकिशोर प्रसाद। पत्रकार ने पूछा:- 20 साल में मोदी-नीतीश की सरकार ने क्या काम किया? सवाल सुनते ही तारकिशोर प्रसाद नाराज हो गए, पत्रकार का हाथ मरोड़ने लगे और मारपीट की। ये है बीजेपी का ‘जंगलराज’- जहां सवाल पूछना गुनाह है।”
आरजेडी का तीखा तंज
आरजेडी ने भी इस वीडियो को शेयर करते हुए बीजेपी पर चुटकी ली है। आरजेडी ने लिखा, “भाजपाई पूर्व डिप्टी सीएम तार किशोर प्रसाद से 20 साल से सत्ता में काबिज़ बीजेपी और नीतीश सरकार का काम पूछोगे तो मार ही तो खाओगे! सारी गलती पत्रकार महोदय की ही है! इतना नहीं पता कि मीडिया का बीजेपी से पैसे लेकर बीजेपी का गुणगान करना ही एकमात्र काम है? “सब चंगा सी” बोलते जाओ! 20 साल पहले की सरकार पर ही सारी पत्रकारिता झाड़ो और जेब भरते जाओ!”
यह घटना बिहार की राजनीति में गरमागरमी को और बढ़ा गई है, और आने वाले दिनों में इस मुद्दे पर और भी बयानबाजी सुनने को मिल सकती है।
Discover more from Aware Media News - Hindi News, Breaking News & Latest Updates
Subscribe to get the latest posts sent to your email.


