जयपुर. भजनलाल सरकार जल्द ही राज्य के किसानों और पशुपालकों को कई सौगातें देने जा रही है। इसके तहत राज्य में आयोजित होने वाले ग्लोबल राजस्थान एग्रीटेक मीट (ग्राम)-2026 से पहले 23 जनवरी (बसंत पंचमी) से गिरदावर सर्कल स्तर पर विशेष शिविर आयोजित किये जायेंगे.
ये शिविर राज्य में गिरदावर वृत्त स्तर पर 23, 24, 25 व 31 जनवरी तथा 1, 5, 6, 7 व 9 फरवरी को आयोजित किये जायेंगे। शिविरों में विकसित भारत-रोजगार एवं आजीविका मिशन (ग्रामीण) गारंटी अधिनियम-2025 (वीबी-जी राम जी) के तहत गांवों में आवश्यक विकास कार्यों के प्रस्ताव लेने के अलावा मृदा स्वास्थ्य कार्ड, किसान क्रेडिट कार्ड, मंगला पशु बीमा योजना के तहत पॉलिसी वितरण, पॉलीहाउस की स्वीकृति, पशु टीकाकरण सहित कृषि एवं बागवानी, पशुपालन, मत्स्य, डेयरी आदि से संबंधित विभिन्न योजनाओं का लाभ दिया जाएगा।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री कार्यालय में ग्लोबल राजस्थान एग्रीटेक मीट-2026 के संबंध में आयोजित समीक्षा बैठक में इस संबंध में निर्देश दिये. इस दौरान सीएम ने कहा कि मीट में अधिक से अधिक किसानों और पशुपालकों की भागीदारी सुनिश्चित करने और उन्हें विभागीय योजनाओं का लाभ धरातल पर उपलब्ध कराने के लिए ये शिविर महत्वपूर्ण साबित होंगे. मुख्यमंत्री ने निर्देश दिये कि 22 जनवरी को ग्राम पंचायतों में विशेष ग्राम सभा आयोजित कर ग्रामीणों को शिविरों के आयोजन की जानकारी दी जाये.
ये निर्देश सीएम भजनलाल ने अधिकारियों को दिए हैं
मुख्यमंत्री भजनलाल ने कहा कि राज्य सरकार किसानों को हर क्षेत्र में उन्नत और खुशहाल बनाने के लिए ग्लोबल राजस्थान एग्रीटेक मीट-2026 का आयोजन करने जा रही है. उन्होंने अधिकारियों को कृषि, उद्यान, डेयरी, पशुपालन, मत्स्य पालन, सहकारिता, सिंचाई सहित सभी संबंधित विभागों से समन्वय स्थापित कर शिविरों के सफल आयोजन के लिए किसानों एवं पशुपालकों सहित ग्रामीणों को विभागीय योजनाओं का लाभ दिलाने के निर्देश दिये।
पीसी:डीआईपीआर.राजस्थान
अपडेटेड खबरों के लिए हमारे व्हाट्सएप चैनल को फॉलो करें
Discover more from Aware Media News - Hindi News, Breaking News & Latest Updates
Subscribe to get the latest posts sent to your email.


