डिजिटल बैंकिंग और ऑनलाइन भुगतान ने हमारी जिंदगी को वाकई बेहद आसान बना दिया है। पलक झपकते ही पैसे ट्रांसफर हो जाते हैं और शॉपिंग से लेकर बिल भरने तक के सारे काम मोबाइल पर ही निपट जाते हैं। लेकिन, इस सहूलियत के साथ साइबर फ्रॉड का खतरा भी साए की तरह बढ़ता जा रहा है। किसी अनजान लिंक पर क्लिक करना, फर्जी कॉल के झांसे में आना या किसी से ओटीपी शेयर करना बैंक खाते को पलभर में खाली कर सकता है। ऐसे में, सबसे बड़ा मंत्र यही है कि घबराने के बजाय तुरंत कदम उठाया जाए। ‘CyberDost I4C’ के मुताबिक, अगर ऑनलाइन ठगी का शिकार होने के बाद समय रहते शिकायत कर दी जाए, तो डूबे हुए पैसों को बचाने या वापस पाने की उम्मीद काफी हद तक बढ़ जाती है।
## एक मिनट भी न करें बर्बाद
अगर आपके साथ कोई ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी हो गई है, तो बिना एक पल गंवाए तुरंत साइबर क्राइम हेल्पलाइन नंबर ‘1930’ पर संपर्क करें। इसके साथ ही, ‘National Cyber Crime Reporting Portal (NCRP)’ पर भी अपनी शिकायत दर्ज कराएं। आप जितनी जल्दी आगे आएंगे, बैंक और कानून प्रवर्तन एजेंसियों के लिए उस लेन-देन को ट्रैक करना और ठगों के खातों में पैसे पहुंचने से रोकना उतना ही आसान होगा। इसलिए, फ्रॉड का अहसास होते ही सबसे पहले अपने बैंक को भी इसकी सूचना जरूर दें।
इसे भी पढ़ें: क्रेडिट कार्ड और लोन वाले कॉल से छुटकारा पाने का तरीका, TRAI का ऐप आएगा काम
## MRM से कैसे आगे बढ़ती है रकम वापस पाने की प्रक्रिया?
साइबर ठगी के मामलों में ‘Money Restoration Module (MRM)’ जैसी आधुनिक डिजिटल व्यवस्था के जरिए योग्य मामलों में पीड़ितों के पैसे वापस दिलाने की प्रक्रिया पर काम किया जाता है। जैसे ही शिकायत मिलती है, संबंधित एजेंसियां और बैंक ट्रांजैक्शन की गहराई से जांच शुरू कर देते हैं। अगर ठगी गई रकम किसी दूसरे खाते में ट्रांसफर हुई है और वक्त रहते उसे होल्ड या फ्रीज कर लिया जाता है, तो उस राशि के वापस मिलने की संभावना काफी बढ़ जाती है।
## हर मामले में पैसा वापस मिलना तय नहीं
यहाँ यह समझना भी बेहद जरूरी है कि शिकायत दर्ज कराने मात्र से हर मामले में शत-प्रतिशत रकम वापस मिल जाने की गारंटी नहीं होती। पूरी सफलता इस बात पर टिकी होती है कि ठगी के बाद पैसा आखिर गया कहाँ, आपने कितनी जल्दी शिकायत दर्ज कराई और क्या उस राशि को समय रहते फ्रीज किया जा सका या नहीं। अगर शातिर ठग पैसों को तुरंत एटीएम से निकाल लेते हैं या उसे कई अलग-अलग खातों में तेजी से घुमा देते हैं, तो रिकवरी करना काफी मुश्किल हो जाता है।
## साइबर फ्रॉड के बाद अपनाएं ये कदम
– ऑनलाइन ठगी का शिकार होने पर जरा भी न घबराएं और तुरंत ‘1930’ पर कॉल करें।
– ‘NCRP’ पोर्टल पर अपनी शिकायत दर्ज करवाएं और फौरन अपने बैंक को इसकी जानकारी दें।
– ट्रांजैक्शन आईडी, बैंक स्टेटमेंट, संदिग्ध मोबाइल नंबर, मैसेज, स्क्रीनशॉट और हर मुमकिन डिजिटल सबूत को संभाल कर रखें। साइबर फ्रॉड के खेल में ‘समय’ ही आपका सबसे बड़ा हथियार है।
– जितनी तेजी से आप प्रशासन को सूचना देंगे, पैसों को ट्रैक कर उन्हें बचाने की कोशिश उतनी ही तेजी से शुरू हो सकेगी।
– डॉ. अनिमेष शर्मा
Discover more from Aware Media News - Hindi News, Breaking News & Latest Updates
Subscribe to get the latest posts sent to your email.


