बाबा बागेश्वर की ‘शाकाहार’ वाली सलाह पर बंगाल में सियासी संग्राम, कांग्रेस ने दो थानों में दर्ज कराई शिकायत
कोलकाता से श्रीकांत शर्मा की रिपोर्ट
कोलकाता के भवानीपुर और मोचीपाड़ा पुलिस स्टेशन में पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री (बाबा बागेश्वर) के खिलाफ कांग्रेस ने मोर्चा खोल दिया है। दक्षिण कोलकाता और मध्य कोलकाता जिला कांग्रेस कमेटियों ने अलग-अलग शिकायतों के जरिए बाबा बागेश्वर के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। विवाद की जड़ बाबा बागेश्वर का वह बयान है, जो उन्होंने हावड़ा के लिलुआ में एक कार्यक्रम के दौरान दिया था। वहां उन्होंने श्रद्धालुओं से दुर्गा पूजा और नवरात्रि के पावन समय में मांस-मछली (नॉन-वेज) का त्याग करने की अपील की थी।
‘बंगाली अस्मिता और भावनाओं पर चोट’ : कांग्रेस
कांग्रेस का सीधा आरोप है कि बाबा बागेश्वर की इस टिप्पणी ने बंगाली समुदाय की धार्मिक और सांस्कृतिक भावनाओं को गहरी ठेस पहुंचाई है। पार्टी नेताओं का तर्क है कि इस तरह के बयान समाज में वैमनस्य और विभाजन की स्थिति पैदा कर सकते हैं। कांग्रेस ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल प्राथमिकी (एफआईआर) दर्ज की जाए और उनके खिलाफ उचित कानूनी कदम उठाए जाएं।
बयान के बाद गरमायी बंगाल की राजनीति
बाबा बागेश्वर की इस अपील ने पश्चिम बंगाल के सियासी गलियारों में हलचल तेज कर दी है। एक तरफ जहां धार्मिक मान्यताओं को लेकर बहस छिड़ी है, वहीं दूसरी तरफ कांग्रेस इसे समाज को बांटने वाली टिप्पणी बताकर विरोध प्रदर्शन कर रही है। अब देखना यह है कि पुलिस इन शिकायतों पर क्या रुख अपनाती है।
The post बाबा बागेश्वर की दुर्गा पूजा में मांसाहार पर प्रतिबंध की अपील से कांग्रेस नाराज, 2 थानों में शिकायत, कार्रवाई की मांग appeared first on Aware Media.
Discover more from Aware Media News - Hindi News, Breaking News & Latest Updates
Subscribe to get the latest posts sent to your email.


