
बंगाल चुनाव 2026: ‘मोदी की गारंटी जीरो वारंटी, ममता का वादा खांटी सोना’ – सैंथिया में गरजे अभिषेक बनर्जी
सैंथिया/बीरभूम, मुकेश तिवारी : पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 की रणभेरी बजते ही बीरभूम जिले के सैंथिया में सियासी पारा अपने चरम पर पहुंच गया. शनिवार को तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी ने एक विशाल जनसभा के जरिए चुनावी शंखनाद किया. सैंथिया सीट से टीएमसी उम्मीदवार नीलाबती साहा और अन्य प्रत्याशियों के समर्थन में आयोजित इस रैली में अभिषेक बनर्जी के तेवर बेहद आक्रामक नजर आए. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्र सरकार को आड़े हाथों लेते हुए उन्होंने सीधे तौर पर कहा कि जिसे भाजपा ‘मोदी की गारंटी’ कह रही है, वह असल में ‘जीरो वारंटी’ है, जबकि ममता बनर्जी का हर वादा ‘खांटी सोने’ की तरह खरा और भरोसेमंद है.
जुमला और धोखा है मोदी की गारंटी : अभिषेक बनर्जी
अभिषेक बनर्जी ने केंद्र सरकार के पुराने वादों की पोटली खोलते हुए सवाल दागा कि जनता आज भी उन 15 लाख रुपयों और सालाना 2 करोड़ नौकरियों का इंतजार कर रही है, जिनका वादा किया गया था. उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि मोदी जी की गारंटी का असली मतलब सिर्फ धोखा है. बिहार चुनाव का उदाहरण देते हुए अभिषेक ने कहा कि वहां चुनाव के वक्त महिलाओं को पैसे बांटे गए, लेकिन वोट पड़ते ही भाजपा नेता उन पैसों को वापस मांगने पहुंच गए. यही इनकी राजनीति की कड़वी असलियत है.
भाजपा के संकल्प पत्र को बताया ‘सब्जबाग’
भाजपा के चुनावी घोषणापत्र पर प्रहार करते हुए अभिषेक ने इसे महज कागजी सब्जबाग करार दिया. उन्होंने दावा किया कि टीएमसी की ‘10 प्रतिज्ञाएं’ पूरी तरह धरातल पर उतरेंगी और सौ प्रतिशत सच साबित होंगी. इसके साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र की भाजपा सरकार ने द्वेषवश बंगाल के हक का लाखों-करोड़ों रुपया रोक रखा है, ताकि राज्य के विकास की गति को बाधित किया जा सके.
बंगाल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
केंद्र ने रोके पैसे, फिर भी ममता ने निभाया अपना धर्म
मनरेगा और आवास योजना का जिक्र करते हुए अभिषेक बनर्जी ने कहा कि केंद्र ने 100 दिन की काम योजना (MGNREGA), पक्का मकान देने वाली आवास योजना और जल जीवन मिशन का फंड रोक दिया, लेकिन ममता बनर्जी ने बंगाल की जनता को उनके हाल पर नहीं छोड़ा. उन्होंने अपने दम पर लोगों का बकाया भुगतान किया. अभिषेक ने हुंकार भरते हुए कहा कि केंद्र चाहे कितनी भी बाधाएं डाले, बंगाल में लक्ष्मी भंडार, स्वास्थ्य साथी और युवा साथी जैसी जनहितकारी योजनाएं कभी रुकने वाली नहीं हैं.
इसे भी पढ़ें : बंगाल की सबसे लोकप्रिय नेता और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को शुभेंदु अधिकारी ने नंदीग्राम में कैसे दी पटखनी, पढ़ें पूरा विश्लेषण
आम आदमी को लाइनों में खड़ा करना ही भाजपा का विकास
केंद्र की आर्थिक नीतियों को निशाने पर लेते हुए अभिषेक ने कहा कि मोदी सरकार ने महंगाई से आम आदमी की कमर तोड़ दी है. रात 12 बजते ही रेल टिकट महंगे हो जाते हैं और लोकल ट्रेनों को एक्सप्रेस बनाकर जनता की जेब काटी जा रही है. नोटबंदी से लेकर आधार और अब गैस सिलेंडर व SIR के नाम पर जनता को सिर्फ लंबी लाइनों में खड़ा करना ही भाजपा का ‘विकास’ है. उन्होंने तुलना करते हुए कहा कि एक तरफ मोदी सरकार ने महंगाई के जरिए आपकी जेब पर 1500 रुपए का अतिरिक्त बोझ डाला है, तो दूसरी तरफ ममता बनर्जी ने ‘लक्खी भंडार’ के जरिए माताओं-बहनों को सीधी राहत पहुंचाई है.
इसे भी पढ़ें : बंगाल में ममता का ‘चौका’ या भाजपा का ‘परिवर्तन’? 294 सीटों का पूरा गणित और 2 चरणों का चुनावी शेड्यूल, यहां जानें सब कुछ
मजहब की सियासत बनाम सर्वधर्म सद्भाव
अभिषेक बनर्जी ने मतदाताओं से अपील की कि यह चुनाव विचारधाराओं की लड़ाई है. उन्होंने कहा कि अब आपको तय करना है कि आपको हिंदू-मुस्लिम और जात-पांत की राजनीति करने वाली भाजपा चाहिए या ‘सर्वधर्म समभाव’ को जीने वाली ममता बनर्जी. उन्होंने लोगों को भाजपा के छलावे से सचेत रहने और विकास की निरंतरता के लिए टीएमसी के पक्ष में मतदान करने का आग्रह किया. इस विशाल रैली के दौरान मंच पर बीरभूम के कई वरिष्ठ टीएमसी नेता और उम्मीदवार उपस्थित रहे.
इसे भी पढ़ें
भवानीपुर से मेरा पत्ता काटना चाहती थी BJP, केशियारी में बोलीं ममता बनर्जी, 90 लाख वोटर और UCC पर आर-पार
खड़गपुर में अभिषेक बनर्जी की सीक्रेट मीटिंग, चुनाव से पहले मेदिनीपुर-घाटाल के नेताओं को दिया जीत का मंत्र
अभिषेक बनर्जी बोले- कांग्रेस को वोट दिया तो भाजपा जीतेगी, ममता बनर्जी ने अकेले लड़ी SIR की लड़ाई
बंगाल चुनाव 2026: दुर्गापुर में अभिषेक बनर्जी और TMC उम्मीदवार पर पोता कीचड़, पोस्टर फाड़े, राजनीति गरमायी
The post बंगाल चुनाव 2026: सैंथिया में बोले अभिषेक बनर्जी- मोदी की गारंटी मतलब जीरो वारंटी, ममता की गारंटी खांटी सोना appeared first on Aware Media.
Discover more from Aware Media News - Hindi News, Breaking News & Latest Updates
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
