मजबूत वैश्विक संकेतों के अनुरूप मंगलवार को राष्ट्रीय राजधानी के सर्राफा बाजार में चांदी की कीमत 1,000 रुपये उछलकर 2.41 लाख रुपये प्रति किलोग्राम के नए रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गईं। अखिल भारतीय सर्राफा संघ ने यह जानकारी दी।
हालांकि, 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने की कीमत में लगातार दूसरे दिन गिरावट जारी रही। यह 2,800 रुपये टूटकर 1,39,000 रुपये प्रति 10 ग्राम (सभी टैक्स मिलाकर) रही। सोमवार को यह 1,41,800 रुपये प्रति 10 ग्राम पर रही थी।
अंतर्राष्ट्रीय बाजारों में, हाजिर चांदी 3.72 डॉलर यानी 5.15 प्रतिशत बढ़कर 75.85 डॉलर प्रति औंस पर रही, जबकि सोना 69.61 डॉलर यानी 1.61 प्रतिशत बढ़कर 4,401.59 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया।
बाजार सूत्रों ने कहा कि मजबूत औद्योगिक मांग और वैश्विक कीमतों में तेजी से स्थानीय बाजार में चांदी को बढ़ावा मिला।
रिलायंस सिक्योरिटीज के वरिष्ठ शोध विश्लेषक, जिगर त्रिवेदी ने कहा,‘‘निकट भविष्य में उतार-चढ़ाव के बावजूद, चांदी को ढांचागत आपूर्ति की दिक्कतों और मजबूत औद्योगिक मांग (खासकर सौर, इलेक्ट्रॉनिक्स और डेटा सेंटर बुनियादी ढांचा) से समर्थन मिल रहा है…।’’
मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) में, मार्च 2026 डिलीवरी वाले चांदी अनुबंध की कीमत 9,590 रुपये यानी 4.27 प्रतिशत बढ़कर 2,34,019 रुपये प्रति किलोग्राम हो गयी। इसमें 11,915 लॉट के लिए कारोबार हुआ। सोमवार को चांदी 14,387 रुपये यानी छह प्रतिशत बढ़कर 2,54,174 रुपये प्रति किलोग्राम के रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंच गयी थी।
Discover more from Aware Media News - Hindi News, Breaking News & Latest Updates
Subscribe to get the latest posts sent to your email.


