रिलीज़ से पहले ही शाहरुख के बेटे आर्यन खान की सीरीज़ का पहला रिव्यू आउट, करण जौहर बोले- ‘किंग है तो प्रिंस भी होगा’
बॉलीवुड के बादशाह शाहरुख खान के बेटे आर्यन खान एक्टिंग में नहीं, बल्कि डायरेक्शन में अपना पहला कदम रखने जा रहे हैं। उनकी बहुप्रतीक्षित वेब सीरीज़ ‘The Bads of Bollywood’ 18 सितंबर को ओटीटी प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स पर दस्तक देने के लिए तैयार है, जिसमें बॉलीवुड के कई नामी-गिरामी सितारे भी नज़र आने वाले हैं।
सीरीज़ के पर्दे पर आने में अभी वक्त है, लेकिन इंडस्ट्री के अंदर से इसका पहला रिव्यू सामने आ गया है। यह रिव्यू किसी और ने नहीं, बल्कि खुद बॉलीवुड के एक दिग्गज ने दिया है, जिससे यह अंदाज़ा लगाना आसान हो गया है कि आर्यन का डायरेक्टोरियल डेब्यू कितना दमदार होने वाला है।
हाल ही में राज शमानी के पॉडकास्ट में पहुंचे फिल्ममेकर करण जौहर ने कई मुद्दों पर खुलकर बात की। इसी दौरान उन्होंने आर्यन खान और उनकी सीरीज़ का ज़िक्र करते हुए एक बड़ा खुलासा किया। करण ने आर्यन पर पूरा भरोसा जताते हुए कहा, “यह बात मुझे कहनी चाहिए या नहीं, मुझे नहीं पता, लेकिन नेटफ्लिक्स पर आने वाले उसके पहले शो के बारे में ज़्यादा कुछ नहीं कहूंगा, क्योंकि वो गुस्सा होगा। लेकिन इतना ज़रूर कहूंगा कि किंग है तो प्रिंस भी होगा। मैंने उनका शो देखा है और पूरे विश्वास से कह सकता हूं कि बतौर डायरेक्टर उनका अंदाज़ सबसे अलग है। वो खामोशी से अपना काम करता है और शाहरुख के बेटे से जो उम्मीदें की जाएंगी, उस पर वो पूरी तरह खरा उतरता है।”
सितारों से सजी कहानी: क्या है ‘बैड्स ऑफ बॉलीवुड’ में खास?
सीरीज़ में ‘किल’ फेम लक्ष्य ललवानी, आसमान सिंह के मुख्य किरदार में हैं, जिनके अपोज़िट सहेर बाम्बा उनकी प्रेमिका की भूमिका में दिखेंगी। बॉबी देओल एक सुपरस्टार अजय तलवार के रोल में हैं, तो वहीं राघव जुयाल लक्ष्य के बेस्ट फ्रेंड बने हैं, जो इससे पहले ‘किल’ में भी साथ काम कर चुके हैं। मोना सिंह उनकी मां का किरदार निभा रही हैं। इनके अलावा मनोज पाहवा, मनीष चौधरी, अन्या सिंह, गौतमी कपूर और राजत बेदी जैसे मंझे हुए कलाकार भी अहम किरदारों में नज़र आएंगे।
कैमियो का महा-तड़का: ये दिग्गज भी आएंगे नज़र!
इस सीरीज़ का सबसे बड़ा आकर्षण इसमें होने वाले कैमियो हैं। सलमान खान, रणवीर सिंह, रणबीर कपूर और करण जौहर जैसे सितारे इसमें स्पेशल अपीयरेंस देंगे। खबरें हैं कि सारा अली खान और इब्राहिम भी इसका हिस्सा हो सकते हैं। लेकिन सबसे बड़ा सरप्राइज़ खुद शाहरुख खान होंगे, जो आखिरी एपिसोड में नज़र आएंगे। ‘द बैड्स ऑफ बॉलीवुड’ एक ड्रामा सीरीज़ है, जिसकी कहानी एक आउटसाइडर और उसके दोस्तों के बॉलीवुड में संघर्ष पर आधारित है, जो इंडस्ट्री की चकाचौंध और राजनीति के बीच अपनी जगह बनाने की जद्दोजहद करते हैं। इसे “बॉलीवुड के लिए एक रोस्ट और टोस्ट” के तौर पर भी देखा जा रहा है।
Discover more from Aware Media News - Hindi News, Breaking News & Latest Updates
Subscribe to get the latest posts sent to your email.


