दिवाली के बाद निखरी त्वचा के लिए ‘पोस्ट-दिवाली डिटॉक्स’
दिवाली का उल्लास खत्म, पर त्वचा का निखार बरकरार रखने की चुनौती!
दिवाली के दीये की जगमगाहट भले ही दो दिनों में फीकी पड़ जाए, लेकिन आपकी त्वचा की खोई हुई चमक को वापस लाने में थोड़ा ज़्यादा समय लग सकता है। सात दिनों का उत्सव, लजीज़ मिठाइयां, देर रातें और भारी मेकअप त्वचा को थका हुआ और बेजान बना देते हैं। ऊपर से प्रदूषण, तला-भुना खाना और नींद की कमी, ये सब मिलकर स्किन पर गहरा असर डालते हैं। दिवाली के बाद का यह समय ही वह है जब आपकी त्वचा को फिर से स्वस्थ और तरोताज़ा बनाने की ज़रूरत होती है।
त्योहारों के दौरान लगातार पार्टियों, पटाखों के धुएं और खान-पान की बदलती आदतों से त्वचा रूखी हो जाती है। आंखों के नीचे सूजन, पिंपल्स और त्वचा का बेजान दिखना आम बात हो जाती है। यह सब संकेत हैं कि आपकी त्वचा के “स्किन बैरियर” को अब आराम और विशेष देखभाल की सख्त ज़रूरत है।
त्योहारी थकान शरीर में ‘कॉर्टिसोल’ नामक हार्मोन का स्तर बढ़ा देती है, जिससे त्वचा अधिक तैलीय और लाल हो सकती है। ज़्यादा मिठाइयां और नमकीन खाने से शरीर में पानी रुकता है, जिससे चेहरे की प्राकृतिक चमक कम हो जाती है। जब इसमें दिवाली का प्रदूषण भी मिल जाता है, तो स्किन बर्नआउट तय है।
अपनी त्वचा को दें एक नया जीवन: तीन आसान कदम
कदम 1: स्किनकेयर रूटीन को करें रीसेट
अब समय आ गया है कि आप अपने स्किनकेयर रूटीन को सरल बनाएं। दिवाली के बाद कुछ दिनों तक सिर्फ़ बेसिक स्टेप्स को अपनाएं – क्लींजिंग, मॉइस्चराइज़िंग और सनस्क्रीन। एक हल्का फेसवॉश इस्तेमाल करें, उसके बाद एक हाइड्रेटिंग सीरम लगाएं और दिन में सनस्क्रीन लगाना बिलकुल न भूलें। रात में त्वचा की मरम्मत पर ध्यान दें। ऐसे उत्पादों का चयन करें जिनमें सेरामाइड्स, नियासिनामाइड या हाइलूरोनिक एसिड जैसे तत्व हों। पूरे हफ्तेभर त्वचा पर किसी भी तरह के कठोर एक्टिव्स या स्क्रब का इस्तेमाल न करें।
कदम 2: अंदर से करें डिटॉक्स
चमकती त्वचा का रहस्य केवल बाहरी स्किनकेयर उत्पादों में ही नहीं, बल्कि आपके शरीर के अंदरूनी स्वास्थ्य में भी छिपा होता है। त्योहारों के बाद हरी सब्जियों, ताज़े फलों, ग्रीन टी और एंटीऑक्सीडेंट से भरपूर खाद्य पदार्थों का सेवन बढ़ाएं। मीठे और तले हुए भोजन से कुछ दिनों का ब्रेक लें। खूब पानी पिएं, साथ ही नींबू पानी या नारियल पानी जैसे डिटॉक्स ड्रिंक्स को अपनी दिनचर्या में शामिल करें। हल्की-फुल्की कसरत करें – रोज़ 20 मिनट की सैर भी आपके लिए बहुत फायदेमंद साबित हो सकती है।
कदम 3: त्वचा को दें भरपूर आराम
थकी हुई त्वचा पर तुरंत कुछ लगाने का मन करता है, लेकिन खुद को रोकना बेहद ज़रूरी है। घर पर नींबू, टूथपेस्ट जैसे अनौपचारिक उपायों को आज़माने से बचें। यदि आपकी त्वचा बहुत संवेदनशील हो रही है, तो किसी त्वचा विशेषज्ञ से मिलें। “डिटॉक्स” का मतलब रातों-रात चमत्कार नहीं है, बल्कि धीरे-धीरे त्वचा को उसके प्राकृतिक संतुलन में वापस लाना है।
स्किन डिटॉक्स पर विशेषज्ञों की राय:
स्किन बियॉन्ड बॉर्डर्स की चीफ डर्मेटोलॉजिस्ट डॉ. सोमा सरकार के अनुसार:
“दिवाली के दौरान सिर्फ मिठाइयां और सौंदर्य प्रसाधन ही त्वचा पर दबाव नहीं डालते, बल्कि प्रदूषण और हमारी बदली हुई दिनचर्या भी इसमें महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। दिवाली के दौरान ज़्यादा रोशनी और पटाखों से हवा और भी प्रदूषित हो जाती है। खान-पान और नींद की आदतों में बदलाव के कारण त्वचा बेजान और रूखी दिखने लगती है। स्वस्थ त्वचा के लिए, शरीर से विषाक्त पदार्थों को बाहर निकालने में मदद के लिए खूब पानी पिएं, अपनी व्यायाम दिनचर्या पर टिके रहें और स्वस्थ आहार पर लौटें। और अगर किसी उपचार की ज़रूरत हो, तो केवल त्वचा विशेषज्ञ से सलाह लें। गूगल पर ऐसे उपाय न आज़माएँ जो और नुकसान पहुंचाएंगे।”
डिकंस्ट्रक्ट स्किनकेयर की फाउंडर मालिनी के मुताबिक:
“आपकी त्वचा को अपना संतुलन बहाल करने के लिए बस थोड़ी सी मदद की ज़रूरत होती है। मैं हमेशा चीज़ों को सरल रखने की सलाह देती हूं। शुरुआत एक हल्के ब्राइटनिंग फेशियल क्लींजर से करें जो त्वचा को रूखा बनाए बिना ताज़गी दे। उसके बाद खोई हुई नमी की भरपाई के लिए हाइड्रेटिंग सीरम लगाएं। प्राकृतिक चमक वापस लाने के लिए सुबह की दिनचर्या में विटामिन सी सीरम लगाएं। दिन में सनस्क्रीन लगाना न भूलें। यह आपकी त्वचा के पुनर्जीवित होने तक उसकी सबसे अच्छी सुरक्षा है।”
दिग्गज ब्यूटीशियन शहनाज हुसैन ने बताया:
“दिवाली की चमक फीकी पड़ते ही, आपकी त्वचा पर अक्सर देर रात तक जागने, ज़्यादा मेकअप और ज़रूरत से ज़्यादा भोग-विलास का असर दिखने लगता है। इसे ठीक करने का सबसे कारगर तरीका है अंदर से शुरू करके बाहर की ओर बढ़ना। अपने शरीर के डिटॉक्स और कायाकल्प के लिए, बस अपने आहार में हरी पत्तेदार सब्ज़ियाँ, अंकुरित फलियाँ और उष्णकटिबंधीय फल शामिल करें और खूब पानी पिएं। अपनी त्वचा को धीरे से साफ़ करने के बाद, चावल के आटे और दही के मिश्रण से इसे हल्के हाथों से एक्सफोलिएट करें। चंदन में मिला एलोवेरा जेल भी थकी हुई त्वचा को तरोताज़ा करता है।”
शहनाज़ ने आगे कहा, “सोने से पहले, रक्त संचार बढ़ाने और त्वचा में चमक लाने के लिए बादाम के तेल से अपने चेहरे पर हल्के हाथों से मालिश करें। इसके अलावा, सनस्क्रीन आपकी त्वचा की रोज़ाना सबसे मज़बूत सुरक्षा प्रदान करता है, इसलिए इसे ज़रूर लगाएं। प्राकृतिक शुद्धता बनाए रखने और अपनी त्वचा की लगातार देखभाल करने से, दिवाली के बाद आपकी त्वचा अपनी चमक और ताज़गी वापस पा लेगी।”
नोट: स्किन डिटॉक्स को लेकर एक्सपर्ट्स ने जो राय दी है, वे पूर्णतः उनके विचार हैं।
Discover more from Aware Media News - Hindi News, Breaking News & Latest Updates
Subscribe to get the latest posts sent to your email.


