मासिक धर्म यानी पीरियड्स के वे कुछ दिन, जो हर महिला के लिए शारीरिक और मानसिक रूप से चुनौतीपूर्ण होते हैं! इस दौरान होने वाले हॉर्मोनल बदलाव और ब्लीडिंग के कारण शरीर में थकान और कमजोरी छा जाती है। कई बार तेज दर्द के चलते कुछ भी खाने की इच्छा नहीं होती, लेकिन यहीं पर हम गलती कर बैठते हैं!
खाना न खाने से कमजोरी और अधिक बढ़ जाती है, जिससे चक्कर आने जैसी समस्याएं होने लगती हैं। इसलिए शरीर की ऊर्जा को बनाए रखने के लिए अपनी डाइट का खास ख्याल रखना बेहद जरूरी है। इस विशेष दिनों में आयरन और पोषक तत्वों से भरपूर आहार को अपनी डेली रूटीन का हिस्सा जरूर बनाएं। आइए जानते हैं कि इस दौरान किन सुपरफूड्स का सेवन कर सकती हैं आप:
पीरियड्स के दौरान थकान और कमजोरी दूर करने के लिए क्या खाएं?
इस अवधि में शरीर को भरपूर पोषण की आवश्यकता होती है। इसलिए जरूरी है कि आप ऐसी चीजों का सेवन करें जो आपको इलेक्ट्रोलाइट्स और आयरन का बेहतरीन डोज दें।
खजूर खाएं
पीरियड्स के दिनों में खजूर का सेवन एक वरदान साबित हो सकता है। इसमें ग्लूकोज और फ्रुक्टोज जैसे प्राकृतिक शुगर होते हैं, जो शरीर को पलक झपकते ही ऊर्जा से भर देते हैं। खजूर में भरपूर आयरन होता है जो खून की कमी को दूर करता है। इसके अलावा, जिन महिलाओं को इस दौरान कब्ज की समस्या सताती है, उनके लिए इसमें मौजूद फाइबर बेहद फायदेमंद साबित होता है।
नारियल पानी पिएं
इन दिनों में पेट दर्द, थकान, ब्लोटिंग और कमजोरी जैसी परेशानियां आम बात हैं। ऐसे में शरीर को हाइड्रेटेड रखना सबसे बड़ी प्राथमिकता होनी चाहिए, क्योंकि डिहाइड्रेशन भी थकान की एक बड़ी वजह है। नारियल पानी पीने से शरीर तुरंत हाइड्रेट होता है। इसमें मौजूद पोटैशियम, मैग्नीशियम और सोडियम जैसे इलेक्ट्रोलाइट्स शरीर में फ्लूइड का संतुलन बनाए रखते हैं। साथ ही, पोटैशियम और मैग्नीशियम मांसपेशियों को राहत देते हैं, और अगर पेट फूलने की समस्या है तो यह आपके लिए सबसे बेहतरीन उपाय है।
नींबू पानी पिएं
पीरियड्स के दौरान यदि चक्कर आने, अत्यधिक कमजोरी या बीपी लो होने की समस्या महसूस हो, तो नींबू पानी में थोड़ा सा नमक (काला या सेंधा नमक) मिलाकर जरूर पिएं। यह फ्लूइड इंटेक बढ़ाने का एक बहुत ही स्वादिष्ट और आसान तरीका है। नींबू में मौजूद विटामिन-सी न केवल इम्यून सिस्टम को मजबूत बनाता है, बल्कि शरीर को अंदर से डिटॉक्स भी करता है।
छाछ पिएं
शरीर को तरोताजा और हाइड्रेटेड रखने के लिए छाछ एक शानदार विकल्प है। अपनी छाछ को और अधिक गुणकारी बनाने के लिए उसमें जीरा, काला नमक, पुदीना, हींग और काली मिर्च जरूर मिलाएं। यह पाचन को दुरुस्त रखने का एक बेहतरीन तरीका है और शरीर को भरपूर हाइड्रेशन भी देता है। छाछ पीने से न सिर्फ कमजोरी छूमंतर होती है, बल्कि इसमें मौजूद प्रोबायोटिक्स पाचन से जुड़ी तमाम दिक्कतों को भी दूर भगाते हैं।
Discover more from Aware Media News - Hindi News, Breaking News & Latest Updates
Subscribe to get the latest posts sent to your email.


