क्रिकेटर अभिषेक शर्मा की बड़ी कानूनी जीत: दिल्ली हाई कोर्ट ने ‘पर्सनैलिटी राइट्स’ के दुरुपयोग पर लिया कड़ा एक्शन
भारतीय क्रिकेट के उभरते सितारे अभिषेक शर्मा को दिल्ली हाई कोर्ट से एक बड़ी राहत मिली है। कोर्ट ने स्पष्ट कर दिया है कि वह अभिषेक के व्यक्तित्व (पर्सनैलिटी राइट्स) का दुरुपयोग करने वाली सभी आपत्तिजनक पोस्ट और लिंक को हटाने के लिए जल्द ही अंतरिम आदेश पारित करेगा।
अदालत ने इस मामले में समन जारी करते हुए कहा कि खिलाड़ी की छवि को नुकसान पहुंचाने वाली पोस्ट को तुरंत हटाया जाना चाहिए। अभिषेक के वकील ने उल्लंघन करने वाले विशिष्ट यूआरएल की जानकारी देने के लिए एक अतिरिक्त हलफनामा पेश किया। उन्होंने कोर्ट को बताया कि हालांकि कुछ पोस्ट हटा दिए गए हैं, लेकिन फेसबुक और इंस्टाग्राम पर अब भी ऐसी सामग्री मौजूद है जिसमें क्रिकेटर के लिए अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया गया है। इतना ही नहीं, वकील ने खुलासा किया कि ई-कॉमर्स दिग्गज अमेजन और फ्लिपकार्ट पर भी अभिषेक की अनुमति के बिना उनकी तस्वीर का व्यावसायिक उपयोग किया जा रहा है।
इस पर सुनवाई करते हुए मेटा (फेसबुक-इंस्टाग्राम) और अमेजन ने आश्वासन दिया है कि वे अपने प्लेटफॉर्म से अभिषेक की छवि को धूमिल करने वाले सभी पोस्ट हटा देंगे। मामले की अगली सुनवाई अब 17 नवंबर को तय की गई है।
पिछली सुनवाई में क्यों टला था मामला?
उल्लेखनीय है कि पहली सुनवाई के दौरान याचिका में तकनीकी खामी थी। अभिषेक शर्मा की ओर से फाइल याचिका में आपत्तिजनक यूआरएल के स्क्रीनशॉट नहीं लगाए गए थे, जिसके कारण कोर्ट ने बिना सबूतों के कोई भी आदेश देने से इनकार कर दिया था। इसके बाद कोर्ट ने वकील को स्क्रीनशॉट के साथ अलग से हलफनामा दाखिल करने के निर्देश दिए थे।
अभिषेक ने विशेष रूप से एआई (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) द्वारा बनाए गए भ्रामक कंटेंट को हटाने और अपने व्यक्तित्व के अधिकारों की सुरक्षा के लिए यह केस दायर किया है। मैदान की बात करें तो अभिषेक फिलहाल भारतीय टीम का हिस्सा हैं और इंग्लैंड के खिलाफ पांच मैचों की टी20 सीरीज में अपना जलवा बिखेर रहे हैं।
(आईएएनएस इनपुट के साथ)
प्रिय पाठकों, पल-पल की ताजा खबरों के लिए हमारे टेलीग्राम (Telegram) चैनल @navjivanindia से जुड़ें।
Discover more from Aware Media News - Hindi News, Breaking News & Latest Updates
Subscribe to get the latest posts sent to your email.


