Saharanpur-Haridwar Expressway: दिल्ली से हरिद्वार जाने वाले यात्रियों को अक्सर भीषण ट्रैफिक और लंबे सफर का सामना करना पड़ता है। लेकिन अब इस परेशानी से हमेशा के लिए निजात मिलने वाली है, क्योंकि सरकार ने इसके लिए कमर कस ली है और जल्द ही सहारनपुर-रुड़की-हरिद्वार एक्सप्रेसवे शुरू होने जा रहा है।
बताया जा रहा है कि 51 किलोमीटर लंबा यह लिंक एक्सप्रेसवे सहारनपुर के सोहनचिड़ा मस्ट से शुरू होकर रुड़की से होते हुए हरिद्वार के बहादराबाद तक जाएगा। आम तौर पर ट्रैफिक के कारण दिल्ली से हरिद्वार पहुंचने में 3 से 4 घंटे का वक्त लगता है, लेकिन इस नए एक्सप्रेसवे के बन जाने के बाद यह सफर महज डेढ़ घंटे में ही तय हो जाएगा।
क्या है दिल्ली-देहरादून का हरिद्वार लिंक रूट
दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे के हरिद्वार तक जाने वाले इस लिंक को सहारनपुर-रुड़की-हरिद्वार में प्रस्तावित इंटरनेशनल एयरपोर्ट से जोड़ा जाएगा। इससे देहरादून जाने वाले यात्रियों को सफर के लिए बेहतरीन नए विकल्प मिल जाएंगे। खास बात यह है कि इस नए रास्ते से दिल्ली से देहरादून का सफर अब सिर्फ ढाई घंटे में पूरा हो जाएगा, जबकि पहले इसी दूरी को तय करने में 6 से 7 घंटे का समय लगता था। इससे पहले सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने भी यह जानकारी दी थी कि दिल्ली से हरिद्वार का यह रूट अगले दो महीने में खोल दिया जाएगा।
क्या है सहारनपुर-रुड़की-हरिद्वार रूट
दरअसल, सहारनपुर-रुड़की-हरिद्वार एक्सप्रेसवे की शुरुआत सहारनपुर के हलजोयास सोहनचिड़ा से होगी। यह एक्सप्रेसवे आगे बढ़कर गागलहेड़ी के पास से गुजरता है और फिर भगवानपुर को बाईपास करता है। यह रुड़की शहर के उत्तर से एक नया बाईपास बनाता है, जिसके जरिए गाड़ियां सीधे रुड़की शहर की ओर जाती हैं। इसके बाद, कोर कॉलेज के पास से गुजरते हुए यह बाईपास रुड़की-हरिद्वार नेशनल हाईवे को जोड़ता है। रुड़की बाईपास से आगे बढ़ने पर यह मार्ग इमलीखेड़ा और धनौरी के करीब से गुजरता है और अंत में हरिद्वार के वेस्ट रिंग रोड पर बहादराबाद में समाप्त होता है। बहादराबाद में हाईवे खत्म होने के बाद यात्री सीधे हरिद्वार-ऋषिकेश हाईवे पर पहुंच जाएंगे.
Discover more from Aware Media News - Hindi News, Breaking News & Latest Updates
Subscribe to get the latest posts sent to your email.


