होर्मुज में आर-पार! ईरान की अमेरिका को दो-टूक चेतावनी: ‘नाकेबंदी न रुकी, तो देंगे महाविनाशकारी जवाब’

By
Aware Media Network
Aware Media Network एक स्वतंत्र डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो देश-दुनिया की महत्वपूर्ण खबरें, विश्लेषण और तथ्यात्मक रिपोर्टिंग पाठकों तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारी...
- News Desk
4 Min Read
होर्मुज में आर-पार! ईरान की अमेरिका को दो-टूक चेतावनी: 'नाकेबंदी न रुकी, तो देंगे महाविनाशकारी जवाब'
'स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में नाकेबंदी जारी रही, तो देंगे करारा जवाब', ईरान की अमेरिका को चेतावनी

होर्मुज जलडमरूमध्य पर गहराया युद्ध का साया: ईरान ने अमेरिका को दी ‘अंजाम’ भुगतने की सीधी चेतावनी

ईरान की शक्तिशाली सैन्य कमान ‘खातम अल-अनबिया सेंट्रल हेडक्वार्टर’ ने वाशिंगटन को कड़े लहजे में ललकारते हुए कहा है कि अगर अमेरिका ने पश्चिम एशिया में अपनी “नाकेबंदी, लूट और समुद्री दखलअंदाजी” बंद नहीं की, तो उसे करारा जवाब दिया जाएगा।

ईरानी मीडिया के आधिकारिक बयान के अनुसार, ‘स्ट्रेट ऑफ होर्मुज’ में अमेरिकी नौसैनिक नाकेबंदी ने ईरानी बंदरगाहों की धड़कन रोक दी है। मालवाहक जहाजों की आवाजाही बुरी तरह प्रभावित हुई है और पिछले कुछ दिनों में ईरान की ओर बढ़ रहे जहाजों के खिलाफ भी आक्रामक कार्रवाई की गई है।

तेहरान ने अमेरिका को आगाह किया है कि उसकी सेना अब पहले से कहीं अधिक सुसज्जित और घातक है। ईरान अपनी संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता की रक्षा के लिए पूरी तरह तैयार है। बयान में तल्ख अंदाज में यह भी याद दिलाया गया कि हालिया संघर्ष के दौरान अमेरिकी सेना ईरानी प्रहार की ताकत और उसकी मारक क्षमता का ट्रेलर पहले ही देख चुकी है।

ईरानी सेना ने स्पष्ट किया कि होर्मुज जलडमरूमध्य पर उसका पूर्ण नियंत्रण है और दुश्मनों की हर हरकत पर पैनी नजर रखी जा रही है। अगर अमेरिका या इजरायल ने दोबारा दुस्साहस किया, तो उन्हें पिछली बार से कहीं बड़ा नुकसान उठाना पड़ेगा।

दूसरी ओर, सऊदी अरब के समाचार चैनल ‘अल अरबिया’ ने एक सूत्र के हवाले से दावा किया है कि ईरान, अमेरिका द्वारा थोपी गई किसी भी एकतरफा शर्त पर बातचीत करने के पक्ष में नहीं है।

कूटनीतिक मोर्चे पर भी हलचल तेज है। ईरान के विदेश मंत्री सैयद अब्बास अराघची शनिवार को इस्लामाबाद पहुंचे, जहां उन्होंने पाकिस्तान के सेना प्रमुख जनरल असीम मुनीर से मुलाकात की। इस हाई-प्रोफाइल बैठक में युद्ध विराम और क्षेत्रीय शांति को लेकर गहन चर्चा हुई। अर्ध-सरकारी समाचार एजेंसी ‘तस्नीम’ के मुताबिक, अराघची ने पाकिस्तान के नेतृत्व के साथ अमेरिका और इजरायल के साथ जारी तनाव को कम करने और स्थिरता बढ़ाने के लिए आपसी सहयोग पर विचार साझा किए।

गौरतलब है कि यह तनाव 28 फरवरी को तब चरम पर पहुंचा था जब ईरान ने अमेरिका और इजरायल के संयुक्त हमलों के जवाब में होर्मुज जलडमरूमध्य से उनके जहाजों के गुजरने पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया था।

लगभग 40 दिनों के भीषण संघर्ष के बाद 8 अप्रैल को युद्धविराम तो हुआ, लेकिन शांति का रास्ता साफ नहीं हो सका। 11-12 अप्रैल को इस्लामाबाद में हुई ईरान-अमेरिका की लंबी वार्ता बेनतीजा रही, जिसके तुरंत बाद अमेरिका ने जलमार्ग पर फिर से नाकेबंदी लागू कर दी।

सूत्रों के मुताबिक, इस हफ्ते पाकिस्तान में शांति वार्ता का एक और दौर प्रस्तावित था, लेकिन ईरान ने इसमें शामिल होने से दो-टूक इनकार कर दिया है। ईरान का मानना है कि अमेरिका की लगातार जारी समुद्री घेराबंदी और उसकी “अत्यंत कठोर” शर्तें बातचीत के माहौल को खत्म कर रही हैं।


Discover more from Aware Media News - Hindi News, Breaking News & Latest Updates

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Share This Article
Follow:
Aware Media Network एक स्वतंत्र डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो देश-दुनिया की महत्वपूर्ण खबरें, विश्लेषण और तथ्यात्मक रिपोर्टिंग पाठकों तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारी संपादकीय टीम विश्वसनीय स्रोतों, आधिकारिक आंकड़ों और पत्रकारिता के नैतिक सिद्धांतों के आधार पर समाचार तैयार करती है।Aware Media Network का उद्देश्य निष्पक्ष, सटीक और समय पर जानकारी प्रदान करना है, ताकि पाठक जागरूक निर्णय ले सकें और समसामयिक घटनाओं को बेहतर ढंग से समझ सकें।
कोई टिप्पणी नहीं

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *