अफवाहों पर लगाम, बरेली में इंटरनेट व SMS सेवाएं 48 घंटे के लिए बंद, संवेदनशील इलाकों में कड़ी निगरानी
बरेली: उत्तर प्रदेश के बरेली में ‘आई लव मुहम्मद’ बैनर विवाद के बाद से जारी तनाव के मद्देनजर, जुमे की नमाज को देखते हुए जिले में मोबाइल इंटरनेट, ब्रॉडबैंड और एसएमएस सेवाओं पर लगी पाबंदी को अगले 48 घंटों के लिए और बढ़ा दिया गया है। अधिकारियों ने बताया कि संवेदनशील इलाकों में पुलिस, पीएसी और आरएएफ के जवानों को तैनात किया गया है और ड्रोन के जरिये चप्पे-चप्पे पर पैनी नजर रखी जा रही है।
क्या है पूरा मामला?
पिछले शुक्रवार को जुमे की नमाज के बाद कोतवाली क्षेत्र की एक मस्जिद के बाहर ‘आई लव मुहम्मद’ का बैनर लिए लगभग दो हजार से ज्यादा लोगों की भीड़ जमा हो गई थी। पुलिस द्वारा रोकने पर हुई बहस के बाद लाठीचार्ज में कई लोग घायल हो गए थे। इस घटना के बाद पुलिस ने हिंसा के आरोप में 80 से अधिक लोगों को गिरफ्तार किया है। यह घटना ‘आई लव मुहम्मद’ पोस्टर विवाद को लेकर इत्तेहाद-ए-मिल्लत काउंसिल के अध्यक्ष मौलाना तौकीर रजा द्वारा प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन को रद्द किए जाने के बाद भड़की थी।
दशहरे के मद्देनजर ‘हाई अलर्ट’
मंडलायुक्त भूपेंद्र एस चौधरी ने बताया कि बरेली में हाल में हुई हिंसा के बाद दशहरे के त्योहार के मद्देनजर बरेली, शाहजहांपुर, पीलीभीत और बदायूं जिलों के लिए ‘हाई अलर्ट’ जारी किया गया है। उन्होंने कहा कि गृह विभाग के गोपनीय अनुभाग-3 द्वारा जारी अधिसूचना के तहत जिले में मोबाइल इंटरनेट, ब्रॉडबैंड और एसएमएस सेवाएं अगले 48 घंटों के लिए निलंबित कर दी गई हैं। यह आदेश 2 अक्टूबर दोपहर 3 बजे से 4 अक्टूबर दोपहर 3 बजे तक प्रभावी रहेगा।
अफवाहों और सांप्रदायिक तनाव पर नियंत्रण का प्रयास
गृह विभाग के सचिव गौरव दयाल ने आदेश में स्पष्ट किया कि वर्तमान हालात को देखते हुए सोशल मीडिया मंचों जैसे फेसबुक, यूट्यूब, व्हाट्सऐप और मैसेजिंग सिस्टम के दुरुपयोग से अफवाहें फैलने और सांप्रदायिक तनाव भड़कने की आशंका है। ऐसे में जिले में शांति-व्यवस्था बनाए रखने के लिए यह कदम उठाना नितांत आवश्यक है।
सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद
मंडलायुक्त चौधरी ने पुलिस अधिकारियों को भीड़भाड़ वाले कार्यक्रमों, रामलीला, दुर्गा पूजा मेलों और रावण दहन कार्यक्रमों के दौरान विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि विजयादशमी और इससे जुड़े त्योहारों के शांतिपूर्ण आयोजन को सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन कड़ी निगरानी रख रहा है।
लापरवाही बर्दाश्त नहीं
चौधरी ने अधिकारियों को शरारती तत्वों से सख्ती से निपटने के निर्देश दिए हैं और कर्तव्य में किसी भी तरह की लापरवाही बरतने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी है। उन्होंने कहा, "सभी जिलाधिकारी, उप-जिलाधिकारी, पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी अपनी जिम्मेदारियों का गंभीरता से निर्वहन करें। किसी भी तरह की चूक पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।"
खुफिया एजेंसियों को भी अलर्ट
अधिकारियों ने बताया कि खुफिया एजेंसियों को भी पूरी तरह से अलर्ट पर रखा गया है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, "संवेदनशील स्थानों पर सशस्त्र पुलिस बल तैनात किए जा रहे हैं। हम पूरी तरह से पुख्ता व्यवस्था सुनिश्चित कर रहे हैं ताकि बरेली में हुई घटना जैसी कोई वारदात पड़ोसी जिलों में न हो। निगरानी के लिए ड्रोन तैनात किए गए हैं।" बरेली में 26 सितंबर को हुई हिंसा के सिलसिले में बुधवार तक 81 लोगों को गिरफ्तार किया गया था।
Discover more from Aware Media News - Hindi News, Breaking News & Latest Updates
Subscribe to get the latest posts sent to your email.


