जमशेदपुर में कांग्रेस ने उठाई जनहित की नौ सूत्रीय मांगें, जिला वन पदाधिकारी से की मुलाकात
पूर्वी सिंहभूम: पूर्वी सिंहभूम जिला कांग्रेस कमेटी ने नौ सूत्रीय मांगों को लेकर जिलाध्यक्ष आनंद बिहारी दुबे के नेतृत्व में एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल जिला वन पदाधिकारी सबा अहमद अंसारी से मुलाकात की। इस अहम बैठक में जनहित, वन उत्पादों से रोजगार सृजन, फलदार पौधरोपण, वनाधिकार पट्टा वितरण, पर्यावरण संरक्षण और दलमा लेपर्ड सफारी के विकास जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर गहन चर्चा हुई।
कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने जिला वन पदाधिकारी के समक्ष अपनी प्रमुख मांगों को रखते हुए कहा कि लंबित सभी वनाधिकार पट्टों का तत्काल वितरण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही, वन उत्पादों पर आधारित रोजगार के अवसरों को बढ़ावा देकर ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ करने पर जोर दिया गया।
यह भी मांग की गई कि जिले के सभी 11 प्रखंडों में वन भूमि पर बड़े पैमाने पर फलदार वृक्षों का रोपण किया जाए। विशेष रूप से 10 लाख कटहल वृक्षों की बागवानी योजना का प्रस्ताव रखा गया, जिससे भविष्य में रोजगार और व्यापार के नए द्वार खुलेंगे।
दलमा लेपर्ड सफारी और अन्य वन क्षेत्रों को एक प्रमुख पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने का सुझाव दिया गया, ताकि स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ें और पलायन रुके। प्रतिनिधिमंडल ने औद्योगिक प्रतिष्ठानों को कॉर्पोरेट सोशल रिस्पांसिबिलिटी (CSR) के तहत वन विकास से जोड़ने और प्रदूषण फैलाने वाली कंपनियों को पौधरोपण की जिम्मेदारी सौंपने की भी बात कही।
जिला वन पदाधिकारी सबा अहमद अंसारी ने कांग्रेस की मांगों को ध्यानपूर्वक सुना और आश्वासन दिया कि इन मुद्दों पर गंभीरता से विचार किया जाएगा और शीघ्र कार्रवाई की जाएगी।
इस प्रतिनिधिमंडल में जिलाध्यक्ष आनंद बिहारी दुबे के अलावा राजकिशोर यादव, अरुण कुमार सिंह, रजनीश सिंह, अंसार खान, कमलेश कुमार पांडेय, नलिनी सिन्हा, शमशेर आलम, शमशेर खान, सन्नी सिंह, रंजीत सिंह, निखिल कुमार और रंजीत झा शामिल थे।
डिस्क्लेमर: यह अवेयर मीडिया न्यूज़ समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे अवेयर मीडिया न्यूज़ डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है।
अवेयर मीडिया नेटवर्क
Discover more from Aware Media News - Hindi News, Breaking News & Latest Updates
Subscribe to get the latest posts sent to your email.


