पाकिस्तान ने अफगान तालिबान के हवाई हमले के दावों को किया खारिज, कहा- ‘ये आरोप सरासर गलत’
इस्लामाबाद: अफगानिस्तान पर हवाई हमले की बात को पाकिस्तान ने जोरदार ढंग से खारिज कर दिया है। पाकिस्तान की इंटर-सर्विसेज पब्लिक रिलेशंस (आईएसपीआर) के डीजी लेफ्टिनेंट जनरल अहमद शरीफ चौधरी ने सरकारी मीडिया के हवाले से मंगलवार को स्पष्ट किया कि अफगान तालिबान द्वारा लगाए गए आरोप ‘सरासर गलत’ हैं।
यह बयान अफगान तालिबान प्रवक्ता जबीउल्लाह मुजाहिद के उस आक्रामक एक्स पोस्ट के बाद आया है, जिसमें उन्होंने “सही समय पर सही जवाब” देने की कसम खाई थी। पाकिस्तानी मिलिट्री मीडिया विंग हेड का यह बयान, अफगान तालिबान प्रवक्ता के आरोपों से बिलकुल उलट है।
मुजाहिद ने दावा किया था कि पाकिस्तान ने खोस्त, कुनार और पक्तिका प्रांतों पर हमला किया है और अफगानिस्तान अब इसका जवाब जरूर देगा। मुजाहिद ने इस हमले की निंदा करते हुए बताया था कि इस “कायराना स्ट्राइक” में 9 मासूम बच्चों सहित 10 लोगों की जान चली गई।
हालांकि, सरकारी ब्रॉडकास्टर पाकिस्तान टीवी के मुताबिक, प्रवक्ता चौधरी ने अफगानिस्तान के अंदर आम लोगों पर हमला करने के इन दावों को “गलत” बताया। उनके हवाले से कहा गया, “पाकिस्तानी आर्मी ने अफगानिस्तान के अंदर आम लोगों पर हमला नहीं किया है।”
इतना ही नहीं, चौधरी ने यह भी दम भरा, “जब भी पाकिस्तान किसी पर हमला करता है, तो वह इसकी घोषणा करता है। हमारे हिसाब से, कोई अच्छा या बुरा तालिबान नहीं होता,” और यह भी जोड़ा कि आतंकवादियों में “कोई फर्क नहीं” है।
जनरल चौधरी ने तालिबान सरकार को एक महत्वपूर्ण सलाह देते हुए कहा, “तालिबान सरकार को एक स्टेट के तौर पर फैसले लेने चाहिए, न कि नॉन-स्टेट एक्टर के तौर पर।”
हाल के दिनों में अफगानिस्तान के साथ पाकिस्तान के रिश्तों में निश्चित रूप से खटास आई है। पाकिस्तान ने मांग की है कि काबुल के शासक सीमा पार आतंकवाद को रोकने के लिए ठोस कार्रवाई करें, तो अफगान तालिबान इन आरोपों को लगातार सिरे से खारिज करता रहा है।
अक्टूबर में दोनों देशों के बीच सीमा पर झड़पों के बाद शांति वार्ता को लेकर बैठकें हुईं; दोनों पक्ष दोनों देशों के बीच लंबे समय तक शांति और स्थिरता के लिए तरीकों पर काम करने की कोशिश में मिले थे। हालांकि, दोनों पक्षों के बीच कई दौर की बातचीत अब तक बेनतीजा रही है।
Discover more from Aware Media News - Hindi News, Breaking News & Latest Updates
Subscribe to get the latest posts sent to your email.


