आर्य महासम्मेलन 2025: मोदी का पाकिस्तान को कड़ा संदेश, शिवांगी सिंह के शौर्य का ज़िक्र
नई दिल्ली: अंतर्राष्ट्रीय आर्य महासम्मेलन 2025 के मंच से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पाकिस्तान को कड़ा संदेश देते हुए भारतीय नारी शक्ति के बढ़ते सामर्थ्य का बखान किया। शुक्रवार को राष्ट्रीय राजधानी में आयोजित इस महत्वपूर्ण सम्मेलन में, पीएम मोदी ने राफेल लड़ाकू विमान उड़ाने वाली स्क्वाड्रन लीडर शिवांगी सिंह का विशेष रूप से उल्लेख किया।
प्रधानमंत्री ने कहा, “अभी दो दिन पहले ही हमारी राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू जी ने राफेल लड़ाकू विमान में उड़ान भरी। उनकी साथी स्क्वाड्रन लीडर शिवांगी सिंह थीं। आज हमारी बेटियाँ लड़ाकू विमान उड़ा रही हैं और ड्रोन दीदी बनकर आधुनिक कृषि को भी बढ़ावा दे रही हैं।” उन्होंने आगे कहा, “आज हम गर्व से कह सकते हैं कि दुनिया में सबसे ज़्यादा महिला STEM स्नातक भारत में हैं। आज विज्ञान और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में भी महिलाएँ नेतृत्वकारी भूमिकाएँ निभा रही हैं।”
यह सम्मेलन महर्षि दयानंद सरस्वती की 200वीं जयंती और आर्य समाज की समाज सेवा के 150 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित ‘ज्ञान ज्योति महोत्सव’ का एक अहम हिस्सा है। पीएम मोदी ने इस अवसर पर स्वामी दयानंद सरस्वती को नमन करते हुए कहा, “आर्य समाज एक ऐसा संगठन रहा है जिसने निडर होकर भारतीयता की बात की है। स्वामी दयानंदजी एक दूरदर्शी नेता थे।”
प्रधानमंत्री ने महर्षि दयानंद सरस्वती के कार्यों को याद करते हुए कहा कि उन्होंने कुरीतियों को दूर करने और महिलाओं को सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। डीएवी स्कूलों में लड़कियों की शिक्षा पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने कहा, “डीएवी स्कूलों में लड़कियों को शिक्षा प्रदान की जाती थी।”
अंतरराष्ट्रीय आर्य महासम्मेलन में भारत और विदेशों से आर्य समाज की विभिन्न इकाइयों के प्रतिनिधि शामिल हुए। इस दौरान ‘सेवा के 150 स्वर्णिम वर्ष’ शीर्षक से एक प्रदर्शनी भी लगाई गई, जिसमें आर्य समाज के शिक्षा, सामाजिक सुधार और आध्यात्मिक उत्थान के क्षेत्र में योगदान को प्रदर्शित किया गया। प्रधानमंत्री ने इस अवसर पर महर्षि दयानंद सरस्वती की 200वीं जयंती और आर्य समाज की 150वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में स्मारक सिक्के भी जारी किए।
गौरतलब है कि यह सम्मेलन आर्य समाज की 150वीं वर्षगांठ को केवल एक सांप्रदायिक या सामाजिक आयोजन के रूप में नहीं, बल्कि संपूर्ण राष्ट्र की वैदिक पहचान से जोड़कर देखा जा रहा है।
Discover more from Aware Media News - Hindi News, Breaking News & Latest Updates
Subscribe to get the latest posts sent to your email.


