Bihar News(awaremedia): बिहार के मोकामा से विधायक अनंत सिंह इन दिनों अपनी बेटी की शादी को लेकर काफी चर्चा में हैं। अनंत सिंह की संपत्ति की बात करें तो उनके और उनकी पत्नी नीलम देवी के पास कुल मिलाकर 100 करोड़ रुपये से ज्यादा की घोषित संपत्ति है। बेटी की शादी में दामाद को महंगी लैंड रोवर डिफेंडर और छोटे बेटे को BMW देने की चर्चाओं ने एक बार फिर उनकी अमीरी को सुर्खियों में ला दिया है।
अनंत सिंह की छोटी बेटी शिवांगी सिंह की शादी 25 नवंबर को होने वाली है। यह शादी उनके पैतृक गांव नदवां में आयोजित होगी। शादी की तैयारियां बड़े स्तर पर चल रही हैं। बताया जा रहा है कि इस समारोह के लिए 10 बीघा से ज्यादा जमीन पर मंडप और पंडाल तैयार किया जा रहा है। मेहमानों के लिए 150 से ज्यादा तरह के पकवान रखने की तैयारी है। करीब 4 लाख लोगों के खाने का इंतजाम किया जा रहा है।
चुनावी हलफनामे के मुताबिक अनंत सिंह और उनकी पत्नी की कुल घोषित संपत्ति करीब 100.61 करोड़ रुपये है। इसमें 39.73 करोड़ रुपये की चल संपत्ति और 60.87 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति शामिल है। अनंत सिंह के नाम करीब 37.88 करोड़ रुपये की संपत्ति है जबकि उनकी पत्नी नीलम देवी के नाम करीब 62.72 करोड़ रुपये की संपत्ति दर्ज है।
दोनों के पास महंगी गाड़ियों का भी अच्छा कलेक्शन है। अनंत सिंह के पास करीब 2.70 करोड़ रुपये की टोयोटा लैंड क्रूजर ZX के अलावा फॉर्च्यूनर और XUV 500 जैसी गाड़ियां हैं। वहीं उनकी पत्नी के नाम इनोवा क्रिस्टा फॉर्च्यूनर और महिंद्रा थार दर्ज हैं। दोनों की गाड़ियों की कुल कीमत 4 करोड़ रुपये से ज्यादा बताई गई है।
सोने चांदी की बात करें तो अनंत सिंह के पास 150 ग्राम सोना है जबकि उनकी पत्नी के पास 701 ग्राम सोने के जेवर हैं। परिवार के पास करीब 6.3 किलो चांदी भी है। इसके अलावा अनंत सिंह ने शेयर बाजार और कंपनियों में करीब 10.40 करोड़ रुपये निवेश करने की जानकारी दी है।
हालांकि इतनी बड़ी संपत्ति के साथ परिवार पर करीब 25.99 करोड़ रुपये की देनदारी भी है। इसमें अनंत सिंह पर करीब 2.47 करोड़ और नीलम देवी पर 23.51 करोड़ रुपये का कर्ज शामिल है।
यानी बेटी की शादी में शाही इंतजाम करने वाले अनंत सिंह की संपत्ति के आंकड़े भी काफी चर्चा में हैं। उनकी गाड़ियों से लेकर सोने चांदी और निवेश तक हर चीज लोगों का ध्यान खींच रही है।
Discover more from Aware Media News - Hindi News, Breaking News & Latest Updates
Subscribe to get the latest posts sent to your email.


