मौसम का ताज़ा हाल: दक्षिण में बारिश की फुहारें, उत्तर में मानसून की विदाई की आहट
मौसम विभाग (IMD) की नवीनतम रिपोर्ट के अनुसार, आने वाले 5-6 दिनों में दक्षिण भारत के कई इलाकों में बारिश की गतिविधि में तेज़ी आने की उम्मीद है, और कुछ स्थानों पर भारी वर्षा की भी संभावना जताई गई है। वहीं, अगले 24 घंटों में गुजरात, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों से दक्षिण-पश्चिम मानसून के धीरे-धीरे वापस लौटने के लिए परिस्थितियाँ अनुकूल बनती दिख रही हैं।
दिल्ली का मौसम: साफ रहेगा आसमान
दिल्ली में 10 अक्टूबर को मौसम साफ रहने का अनुमान है। देश की राजधानी में बारिश की कोई संभावना नहीं है। मौसम विभाग के अनुसार, अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की उम्मीद है।
उत्तर प्रदेश: बारिश की उम्मीदें धूमिल
उत्तर प्रदेश में शुक्रवार, यानी आज, मौसम पूरी तरह साफ रहने की संभावना है। लखनऊ स्थित मौसम विभाग ने सभी जिलों को ‘ग्रीन जोन’ में रखा है, जिसका अर्थ है कि कहीं भी बारिश की आशंका नहीं है। हालांकि, अब धीरे-धीरे तापमान में गिरावट जारी रहने की उम्मीद है, जिससे मौसम में हल्का बदलाव महसूस हो सकता है।
अवेयर मीडिया नेटवर्क
बिहार और झारखंड: ठंडक का अहसास
बिहार के किसी भी जिले के लिए बारिश का कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है। हालाँकि, तापमान में धीरे-धीरे कमी आने की संभावना है, जिससे सुबह और शाम के समय हल्की ठंड महसूस की जा सकती है। इसी तरह, झारखंड में भी मौसम विभाग ने किसी भी जिले के लिए अलर्ट जारी नहीं किया है। यहाँ अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
ओडिशा: कहीं हल्की तो कहीं भारी वर्षा की आसार
ओडिशा में 10 से 12 अक्टूबर के बीच कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है, जबकि कुछ अन्य जगहों पर भारी वर्षा भी हो सकती है।
दक्षिण भारत के अलावा इन राज्यों में भी बरसेंगे मेघ
तमिलनाडु, केरल और माहे में 10 से 14 अक्टूबर तक, तटीय कर्नाटक में 10 अक्टूबर को, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में 10 से 13 अक्टूबर तक, तटीय आंध्र प्रदेश में 12 अक्टूबर तक और रायलसीमा में 11 अक्टूबर तक हल्की से मध्यम बारिश के साथ-साथ कुछ स्थानों पर भारी बारिश की भी संभावना है।
पूर्वोत्तर भारत: कुछ राज्यों में बारिश की आहट
असम, मेघालय, त्रिपुरा, मणिपुर, मिजोरम और सिक्किम में 10 अक्टूबर को कुछ जगहों पर हल्की या मध्यम बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। वहीं, कुछ अन्य स्थानों पर भारी वर्षा भी हो सकती है।
Discover more from Aware Media News - Hindi News, Breaking News & Latest Updates
Subscribe to get the latest posts sent to your email.


