AMN. राजस्थान में सीकर जिले के फतेहपुर सदर थाना इलाके में जयपुर-बीकानेर राष्ट्रीय राजमार्ग पर हरसावा गांव के पास मंगलवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में छह महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 3 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए. इस सड़क हादसे पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और पूर्व सीएम अशोक गहलोत ने दुख जताया है.
खबरों के मुताबिक, यह दर्दनाक सड़क हादसा फतेहपुर के पास हरसावा गांव के पास एक ट्रक और कार के बीच जोरदार टक्कर के कारण हुआ। हादसा इतना भीषण था कि अर्टिगा कार पूरी तरह चकनाचूर हो गई. कार में सवार लोग गाड़ी में ही फंस गये. स्थानीय लोगों की मदद से काफी मशक्कत के बाद शवों और घायलों को बाहर निकाला गया.
इस सड़क हादसे पर दुख जताते हुए सीएम भजनलाल शर्मा ने एक्स के जरिए कहा कि जयपुर-बीकानेर राष्ट्रीय राजमार्ग पर सीकर जिले के फतेहपुर के हरसावा गांव के पास हुए भीषण सड़क हादसे की खबर दिल दहला देने वाली है. जिला प्रशासन को घायलों के शीघ्र एवं समुचित उपचार के निर्देश दिये गये हैं। प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि मृतकों को अपने चरणों में स्थान दें और घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें।
राजस्थान में एक के बाद एक हो रहे जानलेवा सड़क हादसे चिंता का विषय:गहलोत
पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि जयपुर-बीकानेर हाईवे पर फतेहपुर के हरसावा गांव के पास भीषण सड़क हादसे में 6 लोगों की मौत हृदय विदारक है. राजस्थान में एक के बाद एक जानलेवा सड़क हादसों का होना चिंता का विषय है. शोक संतप्त परिवार के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएँ, ईश्वर उन्हें इस कठिन समय में शक्ति दे और दिवंगतों की आत्मा को शांति दे। मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।
पीसी:राजस्थान.एनडीटीवी
Discover more from Aware Media News - Hindi News, Breaking News & Latest Updates
Subscribe to get the latest posts sent to your email.


