पाकिस्तान की सैन्य पुनर्संरचना: “ऑपरेशन सिंदूर” का डंक या नई युद्धनीति?
भारत के हाथों “ऑपरेशन सिंदूर” में मिली करारी हार के बाद, पाकिस्तान अब अपने रक्षा ढांचे को सुदृढ़ करने की कवायद में जुट गया है। इस्लामाबाद से आ रही खबरों के अनुसार, पाकिस्तान तीनों सेनाओं – थल, जल और वायु – के बीच अभूतपूर्व तालमेल सुनिश्चित करने के उद्देश्य से “कमांडर ऑफ डिफेन्स फोर्सेज़ (CDF)” नामक एक अत्यंत महत्वपूर्ण सैन्य पद सृजित करने की योजना बना रहा है। यह पद भारत में चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (CDS) के पद के समान है, जो एक बार फिर पाकिस्तान द्वारा भारत की सैन्य प्रणाली की नकल करने की ओर इशारा करता है।
“ऑपरेशन सिंदूर” का गहरा असर
पाकिस्तान द्वारा सीडीएफ पद के सृजन की आवश्यकता सर्वविदित है। 22 अप्रैल को पहलगाम में हुए आतंकी हमले के जवाब में, भारत ने 7 मई को “ऑपरेशन सिंदूर” का सूत्रपात किया। इस साहसिक अभियान में, पाकिस्तान में स्थित आतंकवादी ठिकानों पर सटीकता और प्रचंडता से प्रहार किए गए, जिससे पाकिस्तानी वायुसेना के कई प्रमुख ठिकानों, नियंत्रण कक्षों और कमांड सेंटरों को गंभीर रूप से क्षति पहुंची। चार दिनों तक चले इस भीषण संघर्ष के बाद, पाकिस्तान को संघर्षविराम की गुहार लगानी पड़ी, जिसे भारत ने अपनी शर्तों पर स्वीकार किया। “ऑपरेशन सिंदूर” के बाद पाकिस्तान में मची खलबली इस बात का स्पष्ट प्रमाण है कि भारत के प्रहार ने न केवल उसकी सीमाओं को भेदित किया, बल्कि उसके सैन्य आत्मविश्वास को भी चकनाचूर कर दिया। इसी परिप्रेक्ष्य में, पाकिस्तान अपने संपूर्ण रक्षा ढांचे का गहन पुनर्मूल्यांकन कर रहा है और “कमांडर ऑफ डिफेन्स फोर्सेज़” जैसे नए पद की स्थापना पर विचार कर रहा है। यह वही पाकिस्तान है, जो दशकों से भारत को “रणनीतिक खतरा” करार देते हुए आतंकवाद को बढ़ावा देता रहा है। आज, वही देश भारतीय हमले के भय से अपनी सेनाओं के बीच समन्वय स्थापित करने के लिए विवश है। यह परिवर्तन महज़ एक सामरिक कदम नहीं, बल्कि एक रणनीतिक हार की मौन स्वीकारोक्ति है।
संवैधानिक और सैन्य सुधारों की लहर
पाकिस्तान के प्रतिष्ठित समाचार पत्र ‘द न्यूज़’ के अनुसार, यह सम्पूर्ण कदम भारत के “ऑपरेशन सिंदूर” से मिले कड़े सबक का प्रत्यक्ष परिणाम है। पाकिस्तानी मीडिया रिपोर्टों में यह भी बताया गया है कि संविधान के अनुच्छेद 243 में संशोधन का मसौदा तैयार किया जा रहा है। वर्तमान में, यह अनुच्छेद सशस्त्र बलों की सर्वोच्च कमान राष्ट्रपति के अधीन रखता है, जबकि वास्तविक नियंत्रण संघीय सरकार के पास होता है। प्रस्तावित नई व्यवस्था के तहत, यह अधिकार एकीकृत सैन्य कमान, अर्थात सीडीएफ (CDF) को सौंपने का प्रस्ताव है, जो तीनों सेनाओं की संयुक्त कार्रवाइयों का नेतृत्व करेगा। इसका मुख्य उद्देश्य संकट की घड़ी में एक तीव्र, समन्वित और एकीकृत प्रतिक्रिया सुनिश्चित करना है।
पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने इन रक्षा सुधारों पर सरकार की गंभीरता की पुष्टि की है। उन्होंने जियो न्यूज़ को बताया, “अनुच्छेद 243 पर विचार-विमर्श जारी है। रक्षा आवश्यकताएँ बदल चुकी हैं और इन सुधारों को सभी हितधारकों की सहमति से आगे बढ़ाया जाएगा।” यह भी सूचित किया गया है कि इन सुधारों में केवल सैन्य संरचना ही नहीं, बल्कि संवैधानिक और न्यायिक ढांचे में भी व्यापक परिवर्तन प्रस्तावित हैं। पाकिस्तान के 27वें संविधान संशोधन में एक नए संवैधानिक न्यायालय की स्थापना का भी प्रस्ताव है। अन्य प्रस्तावित संवैधानिक परिवर्तनों में ज्वॉइंट चीफ्स ऑफ स्टाफ कमेटी का पुनर्गठन और नाम परिवर्तन, स्ट्रैटेजिक फोर्सेस कमांड की स्थापना, सेना प्रमुख को फील्ड मार्शल का मानद दर्जा, कार्यपालिका मजिस्ट्रेट प्रणाली की पुनः स्थापना, शिक्षा और जनसंख्या नियोजन का नियंत्रण संघीय सरकार को लौटाना, और चुनाव आयोग (ECP) के सदस्यों की नियुक्ति प्रक्रिया में संशोधन जैसे महत्वपूर्ण बिंदु शामिल हैं।
आधुनिक युद्ध की माँग या शक्ति-संतुलन का प्रश्न?
पाकिस्तानी रक्षा विश्लेषकों के अनुसार, सीडीएफ पद की स्थापना आधुनिक “हाइब्रिड वॉरफेयर” के अनुरूप एक अत्यावश्यक कदम है, जहाँ ज़मीनी, नौसैनिक, वायु और साइबर मोर्चों पर एक साथ खतरे उत्पन्न हो सकते हैं। एक वरिष्ठ अधिकारी ने इस बात पर जोर दिया, “आधुनिक युद्ध का स्वरूप संयुक्त संचालन की माँग करता है। हम अलग-अलग शाखाओं में बँटकर नहीं लड़ सकते।” हालांकि, आलोचकों का तर्क है कि एक व्यक्ति के हाथों में अत्यधिक शक्ति केंद्रित करने से नागरिक-सैन्य संतुलन बिगड़ सकता है। साथ ही, न्यायिक और प्रशासनिक ढांचे में प्रस्तावित संशोधन न्यायपालिका की स्वतंत्रता पर भी प्रश्नचिन्ह लगाते हैं।
“सुपर चीफ” की संभावना और नेतृत्व-संघर्ष?
पाकिस्तान के भीतर एक और बड़ा सवाल यह उठता है कि “कमांडर ऑफ डिफेंस फोर्सेज़ (सीडीएफ)” का नया पद किसे सौंपा जाएगा। क्या यह पद वर्तमान सेनाध्यक्ष और नव-प्रमोटेड फील्ड मार्शल जनरल असीम मुनीर से भी ऊपर होगा? जैसा कि बताया जा रहा है कि प्रस्तावित सीडीएफ तीनों सेनाओं— थल, जल और वायु के संचालन और समन्वय की सर्वोच्च जिम्मेदारी संभालेगा। ऐसे में, यह स्वाभाविक प्रश्न उठता है कि क्या पाकिस्तान अपनी पारंपरिक सैन्य कमान संरचना में ‘सुपर चीफ’ जैसी व्यवस्था बनाने जा रहा है? यदि ऐसा होता है, तो सेना के भीतर शक्ति-संतुलन में एक बड़ा परिवर्तन देखने को मिल सकता है। कई विश्लेषकों का मानना है कि यह कदम फौज के भीतर नेतृत्व-संघर्ष की नई स्थिति भी पैदा कर सकता है, खासकर तब जब फील्ड मार्शल असीम मुनीर पहले से ही पाकिस्तान की सैन्य और राजनीतिक शक्ति के केंद्र में हैं।
निष्कर्ष: “ऑपरेशन सिंदूर” की अनवरत गूंज
भले ही पाकिस्तान सरकार संसद में संविधान संशोधन लाकर सेना प्रमुख के ऊपर “CDF” नामक एक संयुक्त कमांडर पद बनाने को “आधुनिक युद्ध की माँगों” के अनुरूप कदम बता रही हो, मगर सच्चाई यह है कि पाकिस्तान की यह बेचैनी सीधे “ऑपरेशन सिंदूर” की गूंज है। जिस देश ने दशकों तक अपने सैन्य ढांचे को भारत के विरोध पर आधारित रखा, वही आज भारत से मिले करारे सबक के बाद सैन्य ढांचे में ‘सुधार’ करने की बात कर रहा है। पाकिस्तान भले ही नए “कमांडर ऑफ डिफेन्स फोर्सेज़” बनाकर अपने सैन्य तंत्र को सुधारने का नाटक करे, लेकिन हकीकत यह है कि “ऑपरेशन सिंदूर” ने उसकी रणनीतिक आत्मा पर गहरा प्रहार किया है। भारत की सेनाओं ने यह सिद्ध कर दिया है कि अगर दुश्मन सीमा पार से वार करेगा, तो जवाब सीमा पार ही मिलेगा— तीव्र, निर्णायक और जोरदार तरीके से।
Discover more from Aware Media News - Hindi News, Breaking News & Latest Updates
Subscribe to get the latest posts sent to your email.


