AMN. राजस्थान के दौसा जिले में आज एक बड़ा सड़क हादसा सामने आया है. दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर बुधवार तड़के ऋषिकेश से इंदौर जा रही एक निजी बस ट्रेलर से टकराने के बाद सड़क किनारे खाई में गिर गई। इस हादसे में 8 यात्रियों की मौत हो गई, जबकि 22 अन्य घायल बताए जा रहे हैं. पुलिस ने आशंका जताई है कि बस ड्राइवर को झपकी आने की वजह से यह बड़ा हादसा हुआ होगा.
घटना कोलवा थाना क्षेत्र की है
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह घटना एक्सप्रेसवे पर कोलवा थाना क्षेत्र स्थित रेस्ट एरिया के पास देर रात 2.30 से 3 बजे के बीच हुई. बस के खाई में गिरते ही पिछले हिस्से में आग लग गई और मौके पर चीख-पुकार मच गई. घटना स्थल पर मौजूद लोगों के मुताबिक, उस वक्त ज्यादातर यात्री गहरी नींद में थे. हादसे की जानकारी मिलते ही कोलवा थाना पुलिस, एंबुलेंस और राहत दल मौके पर पहुंचे. पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से बस में फंसे घायलों को बाहर निकाला और एंबुलेंस के जरिए जिला अस्पताल पहुंचाया.
आग में जलने से 6 यात्रियों की मौत हो गई
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, घटना के बाद कई गंभीर घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल सेंटर रेफर कर दिया गया. घायलों में महिलाओं और बच्चों की संख्या भी अधिक बताई जा रही है. घटना के दौरान 6 यात्रियों की आग में जलने से मौत हो गई, जबकि 2 यात्रियों की सिर में चोट लगने से मौत होने की खबर है. पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बस और ट्रेलर को कब्जे में ले लिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है. पुलिस ने एक्सप्रेस-वे पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच शुरू कर दी है। ग्रामीणों का कहना है कि बस का स्टोरेज बॉक्स सिगरेट के पैकेटों से भरा हुआ था, जिसके कारण आग तेजी से फैल गई.
पीसी-एनडीटीवी राज
Discover more from Aware Media News - Hindi News, Breaking News & Latest Updates
Subscribe to get the latest posts sent to your email.


