
अमेरिका की राजधानी वॉशिंगटन डीसी में व्हाइट हाउस के पास उस वक्त सनसनी फैल गई, जब गुरुवार रात सीक्रेट सर्विस के मुस्तैद अधिकारियों ने एक संदिग्ध को धर दबोचा. गिरफ्त में आए इस शख्स की पहचान वेनेजुएला के नागरिक रॉनी यॉर्ड्रिक्स गुआनिपा क्रिनोस के रूप में हुई है, जो एक ऐसी गाड़ी में सवार था जिसकी तलाश पुलिस को चोरी के मामले में थी.
अधिकारियों के सामने ट्रंप को मारने की बात कही
अमेरिकी गृह सुरक्षा विभाग (DHS) के अनुसार, पूछताछ के दौरान आरोपी ने कथित तौर पर बताया कि उसके दिमाग में आवाजें आ रही थीं, जो उसे वॉशिंगटन जाकर राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को मारने के लिए कह रही थीं. हालांकि, अदालत में दाखिल पुलिस अधिकारी के हलफनामे में इन आवाजों और ट्रंप को मारने की बात का उल्लेख नहीं है. यह दावा DHS के बयान के आधार पर सामने आया है.
चोरी की गाड़ी से तीन हथियार और कारतूस बरामद
इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक सीक्रेट सर्विस के अधिकारियों ने आरोपी की गाड़ी की तलाशी ली तो उसमें तीन हथियार और दर्जनों कारतूस मिले. बरामद हथियारों में AR-15 राइफल, MAC-10 और Glock 43X पिस्तौल शामिल हैं. जांच में पता चला कि नीले रंग की Ford F-150 पिकअप ट्रक चोरी की थी और उसकी रिपोर्ट साउथ कैरोलिना में दर्ज कराई गई थी.
ये भी पढ़ें: पराग्वे में राजनीतिक संकट: बैंक घोटाले में राष्ट्रपति सैंटियागो पेना पर चला महाभियोग, पद से हटते ही हुए नजरबंद
गूगल ट्रांसलेट के जरिए अधिकारियों से हुई बातचीत
अदालत में दाखिल शिकायत के मुताबिक, आरोपी ने अधिकारियों के सवालों का जवाब Google Translate के जरिए दिया. उसने कथित तौर पर बताया कि उसके पास एक बंदूक इसलिए है, क्योंकि किसी ने उसी से उसे मारने की कोशिश की थी और उसने वह हथियार छीन लिया था. इसके बाद उसने अधिकारियों को गाड़ी में रखे एक भूरे रंग के बैग की ओर इशारा किया, जिसमें हथियार मौजूद थे.
सीक्रेट सर्विस डायरेक्टर ने जताई चिंता
सीक्रेट सर्विस के डायरेक्टर सीन करन ने इस गिरफ्तारी को व्हाइट हाउस के आसपास बढ़ते सुरक्षा खतरों से जोड़कर देखा. उन्होंने कहा कि यह घटना उस चुनौतीपूर्ण माहौल को दिखाती है, जिसमें एजेंसी के अधिकारी काम कर रहे हैं. उनके मुताबिक, सीक्रेट सर्विस के कर्मचारी ऐसी परिस्थितियों से निपटने के लिए प्रशिक्षित हैं, लेकिन सुरक्षा से जुड़े मामलों की बढ़ती संख्या चिंता का विषय है.
आरोपी पर कई गंभीर आरोप, हिरासत में रखा गया
गुआनिपा क्रिनोस पर बिना लाइसेंस पिस्तौल और राइफल रखने, हथियारों और गोला-बारूद से जुड़े नियमों के उल्लंघन, चोरी की संपत्ति रखने और बिना अनुमति वाहन इस्तेमाल करने समेत कई आरोप लगाए गए हैं. शुक्रवार को उसे अदालत में पेश किया गया. फिलहाल वह यूएस मार्शल्स सर्विस की हिरासत में है और उसे जमानत नहीं मिली है.
2024 में टेक्सास के रास्ते अमेरिका पहुंचा था आरोपी
DHS के मुताबिक, आरोपी वेनेजुएला का नागरिक है और मार्च 2024 में टेक्सास के रास्ते अमेरिका में दाखिल हुआ था. विभाग ने उसे बिना वैध दस्तावेज के रह रहा प्रवासी बताया है. अमेरिकी इमिग्रेशन एंड कस्टम्स एनफोर्समेंट (ICE) ने उसके खिलाफ इमिग्रेशन डिटेनर भी जारी किया है.
Discover more from Aware Media News - Hindi News, Breaking News & Latest Updates
Subscribe to get the latest posts sent to your email.


